मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना कस्बे में कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का सनसनीखेज CCTV वीडियो सामने आया है। छोटे बाजार की इस घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और पुलिस से आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

वायरल CCTV फुटेज के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब 8 बजे की है। छोटे बाजार में एक छात्रा कॉलेज की ओर जा रही थी। इसी दौरान काली शर्ट पहने एक युवक पीछे से आता दिखाई देता है। फुटेज में युवक छात्रा को दो बार धक्का देकर शाह टाइम्स कार्यालय वाली गली की तरफ ले जाता दिखाई दे रहा है।
घटना का दूसरा CCTV वीडियो करीब 39 सेकेंड का है। इसमें वही युवक छात्रा का हाथ पकड़ता और उसे थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। इसके बाद छात्रा पीछे हटती है और खुद को संभालती दिखाई देती है। CCTV फुटेज में घटना का समय सुबह 7:57 बजे दिखाई दे रहा है।
घटना के दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कस्बे में नाराजगी है। अभिभावकों का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं। उन्होंने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

