Home » विविध इंडिया » दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा पारा, प्रदूषण भी बढ़ा; कई इलाकों में एक्यूआई 200 के पार

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा पारा, प्रदूषण भी बढ़ा; कई इलाकों में एक्यूआई 200 के पार

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। मानसून की विदाई के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव दिखाई देने लगा है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ वायु गुणवत्ता भी लगातार खराब हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। वहीं दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 3 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 4 अक्टूबर को भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान नमी अधिक रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

6 से 8 अक्टूबर के बीच तापमान में मामूली गिरावट के आसार हैं। 6 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री, जबकि 7 और 8 अक्टूबर को यह 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इन दोनों दिनों में आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।

मौसम में बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 150 से 200 के बीच दर्ज किया गया, जो मध्यम से खराब श्रेणी में आता है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक अलीपुर में एक्यूआई 198, आनंद विहार में 143, अशोक विहार में 134, आया नगर में 149, बवाना में 185, बुराड़ी क्रॉसिंग में 173, कैंटोनमेंट क्षेत्र में 146, चांदनी चौक में 178 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 144 दर्ज किया गया।

ALSO READ THIS :  संसद में विपक्ष का हंगामा बरकरार, खड़गे बोले ‘मांग वही है, सरकार को सदन में देना ही होगा जवाब’

नोएडा में प्रदूषण का स्तर दिल्ली के कई इलाकों की तुलना में अधिक रहा। सेक्टर-125 में एक्यूआई 217, सेक्टर-62 में 222, सेक्टर-1 में 202 और सेक्टर-116 में 216 दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार नोएडा के सक्रिय निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही।

गाजियाबाद के कई इलाकों में भी वायु गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी की ओर बढ़ती दिखाई दी। गोविंदपुरम में एक्यूआई 173 और इंदिरापुरम में 138 दर्ज किया गया। वहीं लोनी में एक्यूआई 252, संजय नगर में 217, वसुंधरा में 219 और वेव सिटी में 291 तक पहुंच गया।

मानसून की विदाई के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में एक्यूआई 200 से ऊपर पहुंचने के बीच आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार हवा की रफ्तार कम होने और तापमान में बढ़ोतरी के कारण प्रदूषक कण वातावरण में अधिक समय तक बने रह सकते हैं।

ऐसे में अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक ओर बढ़ते तापमान और उमस का सामना करना पड़ सकता है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में खराब वायु गुणवत्ता की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें