मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में सोमवार रात करीब 11 बजे लक्सर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पुरकाजी क्षेत्र में भैंसलीवाला के पास स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार आदेश (49), निशा (38), उनकी 10 वर्षीय बेटी श्रद्धा और परिवार की सदस्य राखी (35) की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

बताया गया कि नई मंडी निवासी आदेश के मौसा लक्सर निवासी राधेश्याम का सोमवार को 75वां जन्मदिन मनाया गया था। जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आदेश अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ स्कॉर्पियो से रात करीब 11 बजे लक्सर से मुज़फ़्फ़रनगर लौट रहे थे।
लक्सर रोड पर भैंसलीवाला के पास पहुंचते ही स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोग फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और राहत-बचाव शुरू किया।
पुलिस ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर पुरकाजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आदेश, निशा, श्रद्धा और राखी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल आदेश की पत्नी रूबी और परिवार की सदस्य कुसुम को बेहतर उपचार के लिए मुज़फ़्फ़रनगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में घायलों का उपचार आनंद अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी अमृत जैन आनंद अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी बात की और घायलों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

