मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों और अति पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए सहायता एवं लाभ वितरण किया गया। महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के जीआईसी मैदान में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया। इस दौरान 500 से अधिक दिव्यांगजनों और पात्र लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, कृत्रिम अंग और कान की मशीनें वितरित की गईं।

कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण देने के साथ युवाओं को सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया। पात्र युवाओं को ट्रिपल सी और ओ-लेवल के प्रमाण पत्र तथा शादी अनुदान योजना के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा एवं जनकल्याण’ पखवाड़े के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को किसी पर निर्भर रखने के बजाय उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है, ताकि वे सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में दिव्यांग कल्याण के लिए 2,200 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। मंत्री के मुताबिक, इस बजट के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार, शिक्षा और आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, लाभार्थी और युवा मौजूद रहे। सहायता उपकरण और प्रमाण पत्र मिलने पर लाभार्थियों में उत्साह नजर आया।

