मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शराब के नशे में दो युवकों के बीच ऐसा बवाल हुआ कि सड़क पर तमाशा देखने वालों की भीड़ जुट गई। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रुड़की रोड स्थित सहारनपुर बस स्टैंड के पास का है। खास बात यह रही कि जिस जगह दोनों युवक आपस में भिड़े, वहां से शराब की दुकान महज कुछ कदम की दूरी पर है।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, दोनों युवक पहले साथ-साथ सड़क पर चलकर आ रहे थे। कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। नशे में चल रही कहासुनी देखते ही देखते इतनी बढ़ी कि दोनों एक-दूसरे पर टूट पड़े।
इसके बाद सड़क पर दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। कुछ ही देर में मारपीट का असर ऐसा हुआ कि एक युवक बेहोश होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा भी घायल हो गया। सुबह के समय सड़क पर हुई इस मारपीट को देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए।
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों युवक घायल हालत में मिले। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अब मारपीट की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी कर रही है।
घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। शराब की दुकान से चंद कदम की दूरी पर सुबह-सुबह नशे में हुई मारपीट ने सड़क से गुजर रहे लोगों का भी ध्यान खींच लिया। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था।

