गाजियाबाद। गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग
पुलिस के अनुसार, थाना सिहानी गेट पुलिस को शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूर्व में धोखाधड़ी और छीनेती की घटनाओं में संदिग्ध रहे दो व्यक्ति दोबारा वारदात करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेरठ रोड पर डीपीएस स्कूल के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे कथित तौर पर भागने लगे। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें दोनों संदिग्धों के पैर में गोली लग गई।
गौरव और विवेक के रूप में हुई पहचान
एसीपी जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, घायल आरोपियों की पहचान गौरव और विवेक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। बरामद हथियारों और अन्य सामान के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
एनसीआर में वारदात करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी एनसीआर क्षेत्र में धोखाधड़ी और छीनेती की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। साथ ही, पूर्व में दर्ज धोखाधड़ी और छीनेती के मामलों में उनकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में बरामदगी, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

