मुज़फ़्फ़रनगर। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार से शुरू हो गई। परीक्षा के लिए जिले में 22 केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हो रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की जांच और बायोमेट्रिक स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तलाशी ली जा रही है। सामान्य हाथ की घड़ी, स्मार्टवॉच समेत सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष में ले जाना प्रतिबंधित है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
डीआईओएस हरिकेश यादव के अनुसार, परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया था। आयोग के निर्देशों के मुताबिक सभी व्यवस्थाएं पूरी कराई गई हैं। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त पुलिस बल, पेयजल, महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शौचालय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।
जिले में परीक्षा के लिए राजकीय और सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के साथ पांच निजी विद्यालयों को भी केंद्र बनाया गया है। इनमें डीएस पब्लिक स्कूल, दीप चंद्र ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज, एमजी पब्लिक स्कूल, न्यू होराइजन स्कूल और एसडी पब्लिक स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न महाविद्यालयों और इंटर कॉलेजों में भी परीक्षा आयोजित की जा रही है।
प्रशासन की निगरानी में परीक्षा की पहली पाली जारी है। दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। अधिकारियों का जोर परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।

