Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » BJP नेता के घर चोरी करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़: गोली लगने से एक घायल, दूसरा हुआ फरार, चोरी का सिलेंडर बेचने जा रहे बदमाशों ने घेराबंदी के दौरान की फायरिंग

BJP नेता के घर चोरी करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़: गोली लगने से एक घायल, दूसरा हुआ फरार, चोरी का सिलेंडर बेचने जा रहे बदमाशों ने घेराबंदी के दौरान की फायरिंग

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा के घर चोरी करने वाले बदमाशों की नई मंडी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, तमंचा, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

चोरी की वारदात नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बच्चन सिंह कॉलोनी की गली नंबर 8 में जय भगवान शर्मा के घर हुई थी। 30 अक्टूबर को उनके बेटे ऋषभ देव शर्मा ने नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, घर से नकदी, दो गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी किया गया था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी।

CO नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, पचेंडा रोड पर प्लेटिनम रिसोर्ट के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। बाइक के बीच में एक गैस सिलेंडर रखा था। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाश मोटरसाइकिल और सिलेंडर छोड़कर ईख के खेत में घुस गए।

CO ने बताया कि खेत में घेराबंदी के दौरान बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नबाब हैदर पुत्र चांद मियां उर्फ हसन, निवासी न्याजुपुरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। फरार आरोपी आफताब पुत्र दिलशाद, निवासी न्याजुपुरा की तलाश की जा रही है।

ALSO READ THIS :  ‘गैंगरेप’ केस में हीलाहवाली पर SSP ने सिखेड़ा इंस्पेक्टर को हड़काया: फोन पर लगाई जमकर फटकार, एस्कॉर्ट गाड़ी से पीड़ित परिवार भिजवाया थाने

CO के अनुसार, पूछताछ में नबाब हैदर ने अपने साथी आफताब के साथ 29/30 अक्टूबर की रात जय भगवान शर्मा के बंद मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि बरामद गैस सिलेंडर उसी मकान से चोरी किया गया था। आरोपी के मुताबिक, मोटरसाइकिल भी करीब एक महीने पहले देहरादून से चोरी की गई थी और उसका इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था। चोरी किए गए अन्य सामान को पहले ही बेचने की बात भी आरोपी ने पुलिस को बताई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, गैस सिलेंडर, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल और चोरी के उपकरणों से भरा बैग बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, नबाब हैदर के खिलाफ सहारनपुर और मुज़फ़्फ़रनगर में चोरी, नकबजनी, शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा तलाश की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें