काठमांडू। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में जान गंवाने वाले विदेशी नागरिक की पहचान हो गई है। मृतक 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू थे। हादसे में भारतीय मूल के 53 वर्षीय न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश किसन पटेल घायल हुए हैं।
सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने मृतक की पहचान की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि खुम्बु पासांगल्हामू क्षेत्र के फेरिचे स्थित हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान डायनेस्टी और फिस्टेल एयर के हेलीकॉप्टरों के ब्लेड आपस में टकरा गए, जिससे यह दुर्घटना हुई।
फिस्टेल हेलीकॉप्टर का पायलट भी घायल
पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल शैलेश किसन पटेल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिस्टेल एयर के हेलीकॉप्टर का पायलट भी मामूली रूप से घायल हुआ है। हालांकि, तत्काल पायलट के नाम की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
नेपाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

