कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में देर रात तेज रफ्तार थार गाड़ी ने भीषण सड़क हादसे को अंजाम दे दिया। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सामने से गलत दिशा में आ रही थार ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चार लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद थार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ शवों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास हुआ। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अगौस गांव निवासी मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (50), विजय (35) और आशीष (24) एक ही बाइक पर सवार होकर इंदरगढ़ की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि देर रात जब उनकी बाइक सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास पहुंची, तभी सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही थार गाड़ी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में मनीष कुमार, वेद प्रकाश और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद थार चालक ने गाड़ी घुमाई और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल तथा मृतकों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घायल आशीष की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतकों के शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
मौत की खबर से गांव में मचा कोहराम
हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही अगौस गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। मृतकों के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अपनों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद मौके पर किसी जनप्रतिनिधि और बड़े अधिकारी के नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली।
फरार थार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार थार चालक और उसमें सवार लोगों की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल तीन मौतों से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

