लखनऊ। दिवाली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर राजधानी की हवा और ध्वनि गुणवत्ता पर साफ दिखाई दिया। पटाखों के धुएं से वायु प्रदूषण का स्तर कई गुना बढ़ गया। शहर में PM10 का औसत स्तर 726.2 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित मानक 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर से सात गुना से भी अधिक है। वर्ष 2018 के बाद दिवाली पर प्रदूषण का यह सबसे ऊंचा स्तर बताया गया है। वहीं, पटाखों के शोर ने भी लोगों को परेशान किया। विकासनगर में ध्वनि प्रदूषण 90.3 डेसीबल तक पहुंच गया।
भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (IITR) की निगरानी रिपोर्ट में प्रदूषण के ये आंकड़े सामने आए हैं। संस्थान की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में वायु और ध्वनि प्रदूषण की जांच की। रिपोर्ट के मुताबिक, जिन इलाकों में निगरानी की गई, वहां PM10 और PM2.5 दोनों का स्तर निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक पाया गया।
अलीगंज में PM10 का स्तर 912 तक पहुंचा
वायु प्रदूषण के मामले में अलीगंज सबसे अधिक प्रभावित इलाका रहा। यहां PM10 का स्तर 912 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। इसके अलावा टॉकाटोरा में 751, अमीनाबाद में 642 और विकासनगर में 599 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर PM10 रिकॉर्ड किया गया।
PM2.5 के आंकड़े भी चिंताजनक रहे। अलीगंज में इसका स्तर 558, अमीनाबाद में 435, टॉकाटोरा में 316 और विकासनगर में 292 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज हुआ। निर्धारित मानक के अनुसार PM10 का स्तर 100 और PM2.5 का स्तर 60 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर होना चाहिए।
पिछले साल के मुकाबले 28.5 प्रतिशत बढ़ा प्रदूषण
दिवाली पर पिछले चार वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वायु प्रदूषण में लगातार बढ़ोतरी का रुझान दिखाई देता है। वर्ष 2022 में PM10 का स्तर 396 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया था। वर्ष 2023 में यह बढ़कर 464 और 2024 में 451 रहा। वर्ष 2025 में PM10 का स्तर 565 तक पहुंच गया था।
इस बार दिवाली पर PM10 का औसत स्तर बढ़कर 726.2 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर हो गया। वर्ष 2022 के मुकाबले इसमें 83.4 प्रतिशत और पिछले साल की तुलना में 28.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आठ साल बाद प्रदूषण का इतना ऊंचा स्तर दर्ज होना राजधानी की वायु गुणवत्ता के लिए गंभीर संकेत है।
विकासनगर में सबसे ज्यादा शोर, 90.3 डेसीबल रिकॉर्ड
पटाखों की आतिशबाजी ने केवल हवा को ही प्रदूषित नहीं किया, बल्कि ध्वनि प्रदूषण भी निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंच गया। निगरानी के दौरान विकासनगर में सबसे अधिक 90.3 डेसीबल शोर दर्ज किया गया।
इसके अलावा अमीनाबाद में ध्वनि प्रदूषण का स्तर 86.5 डेसीबल, अलीगंज में 85.3 डेसीबल और चौक में 85.2 डेसीबल रिकॉर्ड हुआ। आंकड़े बताते हैं कि दिवाली की रात राजधानी के कई इलाकों में आतिशबाजी के कारण हवा के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर रही।

