संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाली 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा शुक्रवार रात एक बजे से शुरू हो गई। परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रात से ही बड़ी संख्या में भक्त बंश गोपाल तीर्थ मंदिर पहुंचने लगे थे। ब्रह्म मुहूर्त होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ में तेजी से इजाफा हुआ। भक्तों ने सबसे पहले बंश गोपाल तीर्थ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद विधि-विधान से परिक्रमा शुरू कर दी। सुबह होते-होते परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
68 तीर्थ और 19 कूपों से जुड़ी है परिक्रमा
संभल की 24 कोसीय परिक्रमा का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व माना जाता है। इस परिक्रमा के अंतर्गत क्षेत्र के 68 तीर्थ और 19 कूप आते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु इन तीर्थों और कूपों के दर्शन करते हुए यात्रा पूरी करते हैं। इसी आस्था के चलते संभल के अलावा आसपास के जनपदों और क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।
रात एक बजे से शुरू हुई परिक्रमा, ब्रह्म मुहूर्त में बढ़ी भीड़
बंश गोपाल तीर्थ के महंत स्वामी भगवत प्रिय ने बताया कि इस बार परिक्रमा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रात करीब एक बजे स्नान के बाद भक्तों ने परिक्रमा शुरू कर दी थी। रात दो बजे से ही श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी थी। उनके मुताबिक, रात दो से चार बजे के बीच करीब 40 से 45 हजार श्रद्धालु परिक्रमा के लिए रवाना हो चुके थे।
महंत ने बताया कि वह स्वयं स्नान के बाद सुबह चार बजे पूजा-पाठ करते हैं। इसके बाद श्रद्धालुओं को परिक्रमा के लिए रवाना किया जाता है। उन्होंने कहा कि भीड़ अधिक होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं ने रात में ही परिक्रमा शुरू कर दी।
कुछ ही घंटों में एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल
महंत स्वामी भगवत प्रिय के अनुसार, सुबह चार बजे से छह बजे के बीच करीब 50 से 60 हजार श्रद्धालु परिक्रमा के लिए निकले। ब्रह्म मुहूर्त में भक्तों की संख्या में और तेजी से बढ़ोतरी हुई। उन्होंने बताया कि अब तक करीब एक लाख श्रद्धालु 24 कोसीय परिक्रमा में शामिल हो चुके हैं।
महंत ने कहा कि पहले के वर्षों में इस पूरी परिक्रमा में ढाई से तीन लाख तक श्रद्धालु शामिल होते रहे हैं। इस बार भी आयोजन के शुरुआती कुछ घंटों में ही एक लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने से श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। भक्त पूरी श्रद्धा के साथ तीर्थों के दर्शन करते हुए परिक्रमा कर रहे हैं।

