Home » विविध इंडिया » दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में AQI 400 के पार

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में AQI 400 के पार

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप धारण कर लिया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 450 के पार दर्ज किया गया है। जहरीली हवा और स्मॉग की मोटी चादर के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय धुंध और धुएं के मिश्रण से दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 18 नवंबर तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा और स्मॉग छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि सुबह के वक्त आर्द्रता 95 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। हवा में नमी और प्रदूषकों के जमा होने से प्रदूषण की स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों पर गंभीर श्रेणी में प्रदूषण

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 59 में से 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है। राजधानी में सबसे खराब स्थिति चांदनी चौक की रही, जहां एक्यूआई 480 तक पहुंच गया।

इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 459, मथुरा रोड पर 457, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 451, डीटीयू में 443 और आया नगर में 433 एक्यूआई दर्ज किया गया। आनंद विहार में 418, बवाना में 416, अशोक विहार में 405 और बदरपुर में 405 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

ALSO READ THIS :  दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट: 24 अगस्त तक बारिश का अनुमान, जानिए अपने शहर की हवा का हाल!

द्वारका सेक्टर-8 में एक्यूआई 366 और घुम्मनहेड़ा में 351 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के अधिकांश हिस्से प्रदूषण की गंभीर मार झेल रहे हैं।

नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 474

एनसीआर के दूसरे प्रमुख शहर नोएडा में भी वायु प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक बना हुआ है। यहां सेक्टर-62 में एक्यूआई 474 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-116 में 402, सेक्टर-125 में 353 और सेक्टर-1 में 335 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ।

नोएडा के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी के करीब पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय स्मॉग की मौजूदगी के कारण खुले में निकलना भी मुश्किल हो रहा है।

गाजियाबाद में इंदिरापुरम सबसे अधिक प्रदूषित

गाजियाबाद में भी जहरीली हवा का असर साफ दिखाई दे रहा है। यहां इंदिरापुरम में एक्यूआई 432 दर्ज किया गया, जबकि वसुंधरा में 405, न्यू तहसील-लोनी में 398, वेव सिटी में 396 और संजय नगर में 391 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

अन्य इलाकों में लोनी का एक्यूआई 385, वेद विहार-लोनी का 345 और गोविंदपुरम का 253 दर्ज किया गया। जिले के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।

हवा की धीमी रफ्तार से बढ़ रही प्रदूषण की समस्या

विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड बढ़ने के साथ हवा की गति धीमी होने और वातावरण में प्रदूषकों के जमा होने से प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और स्मॉग बने रहने की संभावना है। ऐसे में एनसीआर के लोगों को फिलहाल प्रदूषण से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।

ALSO READ THIS :  जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन का कहर,अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित, 6 लोग लापता
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें