Home » विविध इंडिया » जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन का कहर,अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित, 6 लोग लापता

जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन का कहर,अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित, 6 लोग लापता

Facebook
Twitter
WhatsApp

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम, भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार तीसरे दिन भी श्री अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को सुरक्षा कारणों से रोकना पड़ा। इसके अलावा रियासी जिले में शिवखोड़ी यात्रा और किश्तवाड़ में मचैल माता यात्रा भी स्थगित कर दी गई है।

प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी और संभावित खतरे को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है।

भूस्खलन और पत्थर गिरने से कई लोगों की मौत

जम्मू संभाग में बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। राजौरी और पुंछ जिलों में बाढ़ व भूस्खलन के कारण लापता हुए छह लोगों की तलाश मंगलवार को भी जारी रही। सोमवार को जम्मू संभाग के अलग-अलग हिस्सों में ताजा भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं में दस लोगों की मौत हो गई।

पुंछ जिले के लोरान इलाके में मकान ढहने से सात लोगों की मौत हुई, जबकि डोडा में बस पर बड़ा पत्थर गिरने से दो लोगों की जान चली गई और छह लोग घायल हो गए। किश्तवाड़ में भी पत्थर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही पिछले दो दिनों में जम्मू संभाग में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। कई लोग घायल भी हुए हैं।

पुंछ में घर गिरने से एक परिवार के सात लोगों की मौत

पुंछ जिले के मंडी क्षेत्र के डुमेल गांव में ऊंचाई वाले इलाके में स्थित एक कच्चा मकान भूस्खलन की चपेट में आकर ढह गया। इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

ALSO READ THIS :  जयपुर SMS अस्पताल अग्निकांड: ट्रॉमा ICU में शॉर्ट सर्किट से 6 मरीजों की दर्दनाक मौत, 5 की हालत गंभीर, उच्चस्तरीय जांच के आदेश

बताया गया कि परिवार अपने मवेशियों के साथ नंदीशुल झरने के पास ऊंचाई वाले क्षेत्र में बने घर में रह रहा था। मृतकों की पहचान रफीक, अरेजा रफीक, तनवीर अहमद, जाहिदा परवीन, शमीम बानो, मोहम्मद इरफान और शबनम अख्तर के रूप में हुई है।

लगातार बारिश के कारण बचाव अभियान को देर शाम रोकना पड़ा था। अब मृतकों का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

डोडा में बस पर गिरा पत्थर, दो की मौत

डोडा जिले में भी बारिश के कारण पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटना सामने आई। एक बस पर भारी पत्थर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान मनीष कुमार और कुलवंत सिंह के रूप में हुई है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है। संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण विभाग ने मौसम को देखते हुए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्थानीय लोगों, यात्रियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और जरूरी सेवाओं में बाधा आने की संभावना बनी हुई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों, नालों, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा भूस्खलन संभावित ढलानों से दूर रहें।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनती धाराओं, क्षतिग्रस्त सड़कों और कमजोर पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं। मौसम सामान्य होने तक यात्रियों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

ALSO READ THIS :  अफगान के विदेश मंत्री मुत्ताकी का देवबंद मदरसा दौरा, कहा कि 'अफगानिस्तान से कोई आतंकी भारत नहीं आएगा'

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें