लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बहराइच और मथुरा में पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों जिलों में हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी, जेवर और लूटे गए मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
बहराइच में रेलवे अंडरपास के पास मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
बहराइच के पयागपुर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस की जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर बब्बू के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बबया गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ बहराइच सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पयागपुर रेलवे अंडरपास पुलिया के आगे एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने या चोरी का सामान बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने रेलवे ट्रैक की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बब्बू के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तमंचा, कारतूस, जेवर और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के जेवरात और 14 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बब्बू के खिलाफ लखनऊ, फैजाबाद और गोंडा सहित अन्य जनपदों में भी 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मथुरा में महिलाओं के पर्स लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
उधर, मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। बुधवार रात हुई मुठभेड़ में एक बदमाश जगदीश उर्फ काले के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सदर वरुण सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को राधाकुंड रोड स्थित छटीकरा और मघेरा मंदिर, राल के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ऑटो और ई-रिक्शा में बैठी दो महिलाओं के पर्स छीन लिए थे। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना जैत में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गोवर्धन-राल रोड पर घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग
सीओ के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों लुटेरे किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में राधाकुंड-गोवर्धन रोड पर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गोवर्धन-राल रोड पर महर्षि स्कूल से आगे नगला पिसावा मोड़ के पास चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जगदीश उर्फ काले (27) के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जगदीश पर 14 और रामकिशन पर तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान रामकिशन (34) के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, जगदीश के खिलाफ पहले से 14 और रामकिशन के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 11 हजार 500 रुपये, दो मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर लूट की अन्य घटनाओं और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

