मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के पलड़ी गांव में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को घेरने और हिरासत में लिए गए वांछित आरोपी को छुड़ाने के मामले में अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार शाम करीब 5 बजे 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में करीब एक दर्जन नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम के साथ अभद्रता और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया था।
घटना 8 अक्टूबर की है। शामली के आदर्श मंडी थाने की पुलिस लूट के एक मुकदमे में वांछित मुज़फ़्फ़र पुत्र अजीज उर्फ जीजू को गिरफ्तार करने पलड़ी गांव पहुंची थी। शामली पुलिस के साथ शाहपुर थाने की टीम भी मौजूद थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मामला बिगड़ गया। आरोप है कि वांछित आरोपी को हिरासत में लिए जाने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।
आरोप है कि लोगों ने पुलिस की गाड़ी रोककर टीम के काम में बाधा डाली और हंगामे के बीच हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ा लिया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिस टीम के साथ हुए हंगामे को लेकर चर्चा शुरू हो गई। अब पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शाहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 284/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 109(1), 127, 121, 132, 262, 352 और 351(2) के साथ 7 सीएलए एक्ट में कार्रवाई की गई है। मुकदमे में करीब एक दर्जन नामजद लोगों के अलावा 15 से 20 अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

