प्रयागराज। जिस घर में बेटे, बहू और दो पोतों के आने का बेसब्री से इंतजार हो रहा था, वहां सुबह चारों के शव पहुंचे तो खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई। हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सौरभ उपाध्याय (40), उनकी पत्नी मेनका (35) और दोनों बेटों व्योम (7) व शिवओम (डेढ़ साल) के शव जब प्रयागराज स्थित घर पहुंचे तो माता-पिता और दोनों बहनें खुद को संभाल नहीं सके। सुबह करीब 10 बजे परिवार के चार सदस्यों की एक साथ अर्थियां उठीं तो पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया।
66 वर्षीय पिता जयगोविंद उपाध्याय ने रसूलाबाद घाट पर गंगा किनारे कांपते हाथों से अपने इकलौते बेटे और बहू को मुखाग्नि दी। दोनों मासूम बच्चों को गंगा किनारे दफनाया गया। इस दौरान घाट पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। बेटे का चेहरा देखते ही पिता का धैर्य जवाब दे गया। वह फूट-फूटकर रोने लगे और काफी देर तक बेटे को एकटक निहारते रहे। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। अंतिम संस्कार के बाद भी उनकी नजरें चिताओं पर टिकी रहीं।
माता-पिता से छिपाई गई थी चारों की मौत की खबर
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग बुजुर्ग माता-पिता को यह दुखद खबर बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। उन्हें डर था कि इकलौते बेटे, बहू और दोनों पोतों की मौत की खबर वे सहन नहीं कर पाएंगे। रिश्तेदारों ने तय किया कि फिलहाल उन्हें कुछ नहीं बताया जाएगा।
दोनों बहनें भी एक-दूसरे को समझा रही थीं कि माता-पिता के सामने आंसू नहीं बहाने हैं और खुद को संभालकर रखना है। परिवार के सभी सदस्य पूरी रात सामान्य रहने की कोशिश करते रहे। लेकिन गुरुवार सुबह जब चारों के शव घर पहुंचे तो बहनों का सब्र भी टूट गया। जिस दर्द को परिवार ने पूरी रात छिपाए रखा था, वह चीख-पुकार और आंसुओं के रूप में बाहर आ गया।
बेटे को मुखाग्नि देते समय टूट गए जयगोविंद उपाध्याय
रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान सबसे भावुक दृश्य तब सामने आया, जब जयगोविंद उपाध्याय अपने बेटे सौरभ और बहू मेनका को मुखाग्नि देने के लिए आगे बढ़े। बेटे का चेहरा देखते ही वह खुद को संभाल नहीं सके। उनकी आंखों से लगातार आंसू बहने लगे। वह काफी देर तक बेटे के चेहरे को निहारते रहे। परिजनों ने उन्हें ढांढस बंधाया, जिसके बाद उन्होंने बेटे और बहू का अंतिम संस्कार किया।
अंतिम संस्कार के बाद भी जयगोविंद दोनों चिताओं से कुछ दूरी पर बैठकर उन्हें एकटक देखते रहे। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसा दुख भगवान किसी दुश्मन को भी न दे।
लंदन की कंपनी बार्कलेज में एवीपी थे सौरभ
सौरभ उपाध्याय नोएडा में लंदन की कंपनी बार्कलेज में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (एवीपी), ट्रांसफॉर्मेशन के पद पर कार्यरत थे। वह पिछले पांच-छह साल से पत्नी मेनका और दोनों बेटों के साथ नोएडा में रह रहे थे। इससे पहले वह पुणे में नौकरी करते थे।
सौरभ के पिता जयगोविंद उपाध्याय एमपी-एमएलए कोर्ट में विशेष अभियोजन अधिकारी रह चुके हैं। वर्तमान में वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत कर रहे हैं।
परिवार के मुताबिक, दीपावली पर घर नहीं आ पाने के कारण सौरभ ने भाई दूज और छठ पूजा पर प्रयागराज आने का वादा किया था। बुधवार सुबह भी उनकी घरवालों से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह परिवार के साथ प्रयागराज के लिए निकल चुके हैं।
सौरभ के बहनोई शिशिर उपाध्याय ने बताया कि घर में सभी उनके आने का इंतजार कर रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस फोन पर उनके घर पहुंचने की खबर का इंतजार था, उसी दिन कुछ घंटे बाद परिवार की मौत की सूचना मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार एसयूवी
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह सौरभ अपनी पत्नी मेनका और दोनों बेटों के साथ भाई दूज और छठ पूजा मनाने प्रयागराज के लिए निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में भटौली माफी गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर उनकी तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलकर डिवाइडर पर चढ़ गई और करीब 30 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार चला रहे सौरभ और आगे की सीट पर बैठी उनकी पत्नी मेनका की मौके पर ही मौत हो गई।
शीशा टूटने से उछलकर अंडरपास में गिरा बड़ा बेटा
हादसे के समय सात वर्षीय व्योम कार की पिछली सीट पर बैठा था। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूट गया और वह उछलकर एक्सप्रेस-वे से करीब 20 फीट नीचे अंडरपास में जा गिरा। उसे तत्काल सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
डेढ़ वर्षीय छोटे बेटे शिवओम को गंभीर हालत में बिलग्राम सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर भी दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
एंबुलेंस देर से पहुंचने का आरोप
भाजपा नेत्री दीपा विश्वास के मुताबिक, हादसे में घायल शिवओम को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई थी, लेकिन करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद वह अपनी कार से बच्चे को मेडिकल कॉलेज लेकर गईं। हालांकि, वहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव प्रयागराज लाए गए, जहां गुरुवार सुबह परिवार के चारों सदस्यों का अंतिम संस्कार किया गया।
एक हादसे ने छीन ली पूरे परिवार की खुशियां
सौरभ परिवार के इकलौते बेटे थे। पत्नी और दो बच्चों के साथ वह नोएडा में रहकर नौकरी कर रहे थे। भाई दूज और छठ पूजा पर परिवार से मिलने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को हमेशा के लिए बिछड़ा दिया। घर में जहां उनके स्वागत की तैयारियां और इंतजार था, वहीं गुरुवार सुबह चार अर्थियां उठीं। इस हृदयविदारक घटना से पूरा परिवार और मोहल्ला शोक में डूबा है।

