Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, खेलते-खेलते गिरे दो बच्चे, तीसरे ने बुखार आने पर तोड़ा दम ,परिजनों में मचा कोहराम

लखनऊ में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, खेलते-खेलते गिरे दो बच्चे, तीसरे ने बुखार आने पर तोड़ा दम ,परिजनों में मचा कोहराम

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के खंडसरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की तीन दिन के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पहले दो बच्चे खेलते समय अचानक गिर पड़े और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद तीसरी बच्ची की बुखार आने के कुछ देर बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि तीनों बच्चों की मौत से पहले उनके मुंह से खून निकला था। लगातार हुई इन मौतों से गांव में दहशत और शोक का माहौल है। तीसरी बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौतों की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

तीन दिन में उजड़ गया परिवार, बारी-बारी से गई तीनों बच्चों की जान

खंडसरा गांव निवासी आशीष खेती करते हैं। वह अपने नाना किशन कुमार, मां निर्मला, पत्नी अंजली और तीन बच्चों लक्ष्मी (10), कार्तिक (7) तथा देवांश (3) के साथ रहते थे। बीते तीन दिनों में परिवार के तीनों बच्चों की अचानक मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, 9 नवंबर को सबसे छोटा बेटा देवांश खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार ने बिना पोस्टमार्टम कराए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

इसके अगले दिन 10 नवंबर की सुबह दूसरा बेटा कार्तिक भी खेलते समय अचानक गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। कार्तिक कक्षा एक में पढ़ता था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने उसका भी अंतिम संस्कार कर दिया।

ALSO READ THIS :  राहुल गांधी पर अनिल राजभर का पलटवार, बोले- भारत से लगाव रखने वाला हर नागरिक पीएम मोदी के साथ खड़ा

बुखार आने के बाद अस्पताल में हुई तीसरी बच्ची की मौत

परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूट पड़ा, जब 12 नवंबर को आशीष की बड़ी बेटी लक्ष्मी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, सुबह उसे हल्का बुखार आया था। कुछ देर बाद बुखार उतर गया, लेकिन उसकी हालत ठीक नहीं हुई। परिवार के लोग उसे सेवा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

लक्ष्मी की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहले दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था, इसलिए उनकी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर की जांच

लगातार तीन बच्चों की मौत की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अतुल वर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा की टीम ने गांव का दौरा किया।

टीम ने परिवार के घर और गांव का निरीक्षण किया। सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जांच की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही स्थिति के बारे में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।

परिजनों ने तीनों बच्चों के मुंह से खून निकलने का किया दावा

ALSO READ THIS :  ‘अपनी मर्जी से शादी की, परिजन करा रहे थे अधेड़ से शादी’: मुज़फ़्फ़रनगर में युवती का वीडियो वायरल, पति संग सुरक्षा की लगाई गुहार

आशीष के नाना किशन कुमार ने बताया कि लक्ष्मी को सुबह हल्का बुखार आया था, जो बाद में उतर गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे ही थे कि उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सबसे पहले देवांश की मौत हुई, फिर कार्तिक और गुरुवार को लक्ष्मी ने भी दम तोड़ दिया।

परिजनों का कहना है कि तीनों बच्चों की मौत के समय उनके मुंह से खून निकला था। पहले दो बच्चों का खेलते समय अचानक गिरना और फिर तीसरी बच्ची की मौत होने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीण जादू-टोने की आशंका भी जता रहे हैं, हालांकि इस संबंध में कोई प्रमाण सामने नहीं आया है।

प्रशासन से गंभीरता से जांच कराने की मांग

एक ही परिवार के तीन बच्चों की लगातार मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का निरीक्षण किया है और तीसरी बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें