Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर सेंट्रल पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय मां-बेटी गिरीं, RPF ने 20 सेकेंड में महिला को बचाया,CCTV में कैद हुई घटना

कानपुर सेंट्रल पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय मां-बेटी गिरीं, RPF ने 20 सेकेंड में महिला को बचाया,CCTV में कैद हुई घटना

Facebook
Twitter
WhatsApp

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान मां-बेटी हादसे का शिकार हो गईं। दोनों का पैर फिसल गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ीं। इस दौरान महिला करीब 10 मीटर तक घिसटते हुए ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा फंसी। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों से चेन पुलिंग कराई। करीब 20 सेकेंड के भीतर ट्रेन रुक गई। इस दौरान ट्रेन के चार कोच महिला के पास से गुजर गए। आरपीएफ कर्मियों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बेटी को मामूली चोट लगी है। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर हुआ हादसा

आरपीएफ के मुताबिक, घायल महिला की पहचान कलावती देवी पत्नी कमल राय निवासी माधोपुर छता, जिला शिवहर, बिहार के रूप में हुई है। गुरुवार को वह अपनी बेटी सुकून कुमारी के साथ कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर पहुंची थीं। इसी दौरान ट्रेन संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस चलने लगी।

बताया गया कि जल्दबाजी में मां-बेटी ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान कलावती देवी का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर जा गिरीं। वह ट्रेन के साथ करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गईं। वहीं, उनकी बेटी सुकून भी संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म पर गिर गई।

आरपीएफ जवानों ने यात्रियों से कराई चेन पुलिंग

घटना के समय आरपीएफ के दरोगा हेमराज मीणा और दरोगा अनिल कुमार गौतम स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। महिला को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरते देखकर दोनों तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रेन में सवार यात्रियों को आवाज लगाकर चेन पुलिंग करने के लिए कहा।

ALSO READ THIS :  बलिया में बाइक रोककर 35 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, चार से छह हमलावरों की तलाश

यात्रियों द्वारा चेन पुलिंग किए जाने के बाद ट्रेन रुक गई। करीब 20 सेकेंड के भीतर महिला को बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान ट्रेन के चार कोच उनके पास से गुजर चुके थे। आरपीएफ जवानों ने महिला को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया। दूसरी ओर, बेटी सुकून को भी जवानों ने ट्रेन के नीचे जाने से पहले संभाल लिया। उसे मामूली चोट आई।

महिला को अस्पताल भेजा, कुछ देर स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन

हादसे में कलावती देवी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। आरपीएफ ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा और घटना की सूचना पुलिस को दी। महिला को बचाने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया के चलते बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस कुछ देर तक स्टेशन पर खड़ी रही। इससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।

आरपीएफ जवानों की तत्परता से मां-बेटी की जान बच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद चलती ट्रेन में चढ़ने के जोखिम को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें