Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » भागवत कथा में महिलाओं की चेन-पेंडेंट चोरी, 5 संदिग्ध पकड़ीं: भीड़ के बीच हुई वारदात; गाजियाबाद, अलीगढ़ और मुज़फ़्फ़रनगर की महिलाओं के आभूषण गायब, पुलिस कर रही पूछताछ

भागवत कथा में महिलाओं की चेन-पेंडेंट चोरी, 5 संदिग्ध पकड़ीं: भीड़ के बीच हुई वारदात; गाजियाबाद, अलीगढ़ और मुज़फ़्फ़रनगर की महिलाओं के आभूषण गायब, पुलिस कर रही पूछताछ

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के सर्कुलर रोड स्थित रेशु प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन और डायमंड पेंडेंट चोरी करने का मामला सामने आया है। भीड़ के बीच तीन महिलाओं को निशाना बनाया गया। उनके गले से सोने की चेन और कीमती पेंडेंट गायब मिले। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शक के आधार पर पांच महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

13 से 20 नवंबर तक आयोजित कथा में शामिल होने गाजियाबाद से आईं राजबाला गोयल ने बताया कि वह भोजन वितरण के दौरान प्लेट लेकर कचौड़ी-सब्जी लेने के लिए लाइन में लगी थीं। इसी दौरान पीछे खड़ी एक महिला ने उनके कंधे पर हाथ रखते हुए अपनी प्लेट आगे कर दी। उस समय उन्हें कुछ संदेह हुआ, लेकिन वह स्थिति समझ नहीं पाईं। बाद में गले पर हाथ लगाया तो एक तोले की सोने की चेन और करीब एक तोले का डायमंड पेंडेंट गायब मिला।

इसी आयोजन में अलीगढ़ से आईं मीरा अग्रवाल की करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन और हैवी डायमंड पेंडेंट भी चोरी हो गया। वहीं, मुज़फ़्फ़रनगर निवासी रीना की ढाई तोले की सोने की चेन और लॉकेट गायब मिला। तीनों महिलाओं के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और आयोजकों में हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान शक के आधार पर पांच महिलाओं को पकड़ लिया गया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस और महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ की गई। बताया गया कि उन्होंने पूछताछ के दौरान अलग-अलग शहरों का निवासी होना बताया है।

ALSO READ THIS :  मेरठ से गांजा लाकर मुज़फ़्फ़रनगर में करते थे सप्लाई: गांजे की खेप के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, रडार पर रहती है युवा पीढ़ी, जेल भेजे गए दोनों

पुलिस पांचों महिलाओं को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और घटना में पकड़ी गई महिलाओं की भूमिका की जांच कर रही है।

उधर, पीड़ित महिलाओं ने इतने बड़े धार्मिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कथा और कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें