Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, 16 साल के किशोर समेत दो की मौत; 25 लोगों को बचाया

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, 16 साल के किशोर समेत दो की मौत; 25 लोगों को बचाया

Facebook
Twitter
WhatsApp

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की चपेट में आने से कई वाहन और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।

जानकारी के मुताबिक, राधिका अपार्टमेंट में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत धुएं से भर गई। कुछ ही देर में आसपास की गली भी धुएं के गुबार से घिर गई। घटना की सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को हुई परेशानी

अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से अभियान चलाते हुए इमारत में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से घिर गया था। हादसे में अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

ALSO READ THIS :  90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर कांवड़ यात्रा कर रही हरियाणवी सिंगर काजल चौधरी, मां-बेटे बारी-बारी से उठा रहे कांवड़

अस्पताल में दो की मौत की पुष्टि, दो का इलाज जारी

शुरुआती जानकारी में अपार्टमेंट के बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत की बात सामने आई थी। उर्सला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि आग की घटना के बाद चार मरीजों को अस्पताल लाया गया था। इनमें प्रांजल बाथम (16) और राखी (45) की मौत हो गई। वहीं, नीता और वैभव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें