लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी जाने वाली ‘मुख्यमंत्री पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि यह संवाद श्रृंखला सरकार और जनता के बीच विश्वास, सहभागिता और आत्मीय जुड़ाव का सेतु बन गई है। मुख्यमंत्री का उद्देश्य प्रदेश की 25 करोड़ जनता के साथ केवल औपचारिक सूचनाओं का आदान-प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके जीवन, आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े विषयों पर आत्मीय संवाद स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है। उन्होंने कहा कि पाती के माध्यम से प्रदेशवासियों से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, इसका पता ही नहीं चला। कई लोगों के मन में यह सवाल उठता होगा कि वह मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं। इसका जवाब उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे के अनुभव में छिपा है।
वनटांगिया गांव के दौरे से मिली संवाद की प्रेरणा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार वनटांगिया गांव जाने का अनुभव आज भी उन्हें याद है। कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों का दयनीय जीवन और वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहने की स्थिति देखकर वह बेहद व्यथित हुए थे।
उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें महसूस हुआ कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। कई बार व्यवस्था के बीच अंतिम व्यक्ति की अपेक्षाएं और पीड़ा शासन तक नहीं पहुंच पातीं। इसी अनुभव ने शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव की आवश्यकता को और मजबूत किया।
जनता की भावनाओं और सुझावों को भी मिले स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में लिखे गए पत्र उनके लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि मुख्यमंत्री पाती के माध्यम से शुरू हुए संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं से बाहर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है। इस यात्रा में प्रदेशवासियों का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने इच्छा जताई कि पाती केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें जनता के मन की बात, अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान रूप से स्थान मिले। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति है और लोगों की सहभागिता इसे अधिक सार्थक बनाएगी।
समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ उत्तर प्रदेश का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस आत्मीय संवाद श्रृंखला को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के और करीब लाए।
अंत में उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।
