मुजफ्फरनगर। जनपद में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान का सोमवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट प्रांगण से जनगणना-2027 के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जनपद स्तर, तहसील और विकासखंडों की ओर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले के नागरिकों से स्व-गणना में उत्साहपूर्वक भाग लेने और जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने और आवश्यक जानकारी सही तरीके से उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना
जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना की जाएगी। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किए गए वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जनगणना और स्व-गणना के संबंध में जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने जनगणना-2027 के लिए सेल्फी भी ली। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री गंभीर सिंह ने भी सेल्फी लेकर अभियान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान “हमारी जनगणना, हमारा भविष्य” का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने नागरिकों से जनगणना-2027 के इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
