Home » खेल-कूद » एमएस धोनी ने IPL से लिया संन्यास, 2027 से चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की संभालेंगे जिम्मेदारी

एमएस धोनी ने IPL से लिया संन्यास, 2027 से चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की संभालेंगे जिम्मेदारी

Facebook
Twitter
WhatsApp

चेन्नई। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने खिलाड़ी के रूप में सफर को विराम दे दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मंगलवार को घोषणा की कि धोनी आईपीएल 2027 से टीम के मेंटर की भूमिका निभाएंगे। इस फैसले के साथ ही करीब दो दशक तक मैदान पर चेन्नई की अगुवाई करने वाले धोनी अब टीम की अगली पीढ़ी को मार्गदर्शन देते नजर आएंगे।

45 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल का खिताब दिलाया। उन्होंने 200 से अधिक मुकाबलों में टीम की कप्तानी की और सीएसके को लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई।

पांच बार चेन्नई को बनाया चैंपियन

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल ट्रॉफी जीती। वह आईपीएल इतिहास में किसी एक टीम की ओर से 212 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी रहे। उनकी अगुवाई में चेन्नई ने 128 मुकाबलों में जीत दर्ज की।

धोनी के आईपीएल करियर में 2022 का सीजन एक अपवाद रहा, जब कुछ मुकाबलों के लिए रवींद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, टीम के खराब प्रदर्शन के बाद धोनी ने फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल ली। इसके बाद 2024 में उन्होंने कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी।

सीएसके ने भावुक संदेश के साथ दी विदाई

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर धोनी की नई भूमिका की घोषणा करते हुए उनके योगदान को याद किया। फ्रेंचाइजी ने कहा कि अनगिनत जीत, मुश्किल दौर और यादगार लम्हों के बीच धोनी शुरुआत से ही टीम की यात्रा के केंद्र में रहे हैं। टीम को गौरव तक पहुंचाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तक, धोनी हमेशा उसकी पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई उनका घर बना रहेगा।

ALSO READ THIS :  पीकेएल सीजन 12: दबंग दिल्ली ने फाइनल में जगह पक्की, पुणेरी पल्टन से टाई-ब्रेकर में जीत; दूसरे खिताब पर नजरें

एन. श्रीनिवासन बोले- धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं

सीएसके के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के साथ लंबे जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती। करीब दो दशक के सफर में टीम ने उनके साथ जीत, हार और कई तरह के अनुभव साझा किए हैं।

श्रीनिवासन ने कहा कि उनके रिश्ते की मजबूती का आधार भरोसा है। वर्ष 2008 में उन्होंने जोर देकर कहा था कि धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। यह उनके जीवन के सबसे अच्छे फैसलों में से एक साबित हुआ। उन्होंने कहा कि धोनी सिर्फ अपनी उपलब्धियों के कारण ही नहीं, बल्कि एक शानदार इंसान होने के कारण भी टीम के लिए खास हैं। वह हमेशा सीएसके की पहचान का हिस्सा रहेंगे।

आईपीएल में शानदार रहा धोनी का रिकॉर्ड

कप्तान के रूप में सफलता के साथ-साथ धोनी ने बल्लेबाज और विकेटकीपर के तौर पर भी आईपीएल में अपनी अलग पहचान बनाई। वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 5,314 रन बनाकर टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। सीएसके की ओर से उन्होंने 272 मुकाबले खेले हैं।

अपने पूरे आईपीएल करियर में धोनी ने 278 मैचों में 5,439 रन बनाए और 24 अर्धशतक लगाए। उनके कई यादगार मैच फिनिश और मशहूर ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ आईपीएल इतिहास का हिस्सा बन चुके हैं। अब खिलाड़ी के रूप में उनका सफर समाप्त होने के बाद प्रशंसकों को 2027 से सीएसके के मेंटर के रूप में उनकी नई भूमिका देखने को मिलेगी।

ALSO READ THIS :  डब्ल्यूपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस का बड़ा बदलाव, ल्यूक विलियम्स बने महिला टीम के नए हेड कोच; हरमनप्रीत के साथ संभालेंगे चैंपियन टीम की कमान
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें