मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे जरूरी सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर यातायात पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक ही दिन में कुल 56 वाहन चालकों के चालान किए गए और उन पर 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया कि सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

यह अभियान शनिवार को SSP सूरज कुमार राय के निर्देशन में चलाया गया। एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण और सीओ यातायात सुभाष चन्द्रा के नेतृत्व में यातायात पुलिस और एआरटीओ की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जांच की।
अभियान में दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट सफर करने वालों पर विशेष कार्रवाई की गई। ऐसे 44 वाहन चालकों के चालान किए गए। वहीं, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 12 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 56 वाहनों के चालान कर 66 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
संयुक्त अभियान में तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग और सुरक्षा नियमों की अनदेखी सड़क हादसों का जोखिम बढ़ा सकती है।
मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें।

