कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर खड़े ट्रक में घुसी, आठ लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, अस्पताल में एक महिला की मौत
कोटा (राजस्थान)। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार आधी रात के बाद हुए भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा नांता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। दुर्घटना में क्रूजर सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बचाव कार्य की निगरानी की।
धार्मिक यात्रा से लौट रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, क्रूजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे। परिवार मंगलवार को धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए महाराष्ट्र से रवाना हुआ था। श्रद्धालुओं ने पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान में पुष्कर और खाटूश्यामजी के दर्शन किए। शनिवार रात सभी लोग धार्मिक यात्रा पूरी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
आठ की मौके पर मौत, अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम
हादसे में क्रूजर सवार आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माधवी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है।
न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल लाया गया है। गंभीर रूप से घायल मनीषा को वेंटिलेटर पर रखा गया है। घायलों में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे 36 लोग
दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर के पीछे दूसरे वाहन में सफर कर रहे प्रदीप ने बताया कि परिवार के कुल 36 सदस्य तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। खाटूश्यामजी में दर्शन करने के बाद शनिवार रात सभी महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए थे। प्रदीप के मुताबिक, रास्ते में तीनों गाड़ियां एक-दूसरे के आसपास चल रही थीं। इसी दौरान आगे चल रही क्रूजर अचानक हादसे का शिकार हो गई।
ट्रक में तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था वाहन
हादसे में घायल ट्रक चालक हारून मध्य प्रदेश के खंडवा का निवासी है। उसने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे रोकना पड़ा था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हारून उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। उसके अनुसार, करीब दस मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में उसके सिर और घुटनों में चोटें आई हैं।
एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से मचा कोहराम
धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवार के नौ सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।
