नई दिल्ली। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। कच्छ के रण से घूमकर लौट रही कार की ट्रेलर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें एक तीन महीने और दूसरी चार महीने की बच्ची भी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
कच्छ के रण से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार रात उस समय हुआ, जब सेना के जवानों के परिवारों के सदस्य कच्छ के रण की सैर करने के बाद भुज लौट रहे थे। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटना के बाद बचाव दल को कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस काम में कई घंटे लग गए। टक्कर के कारण सड़क पर मलबा भी बिखर गया था।
मृतकों में तीन और चार महीने की दो बच्चियां भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रिंकी नितिन गुसाईं (35), उनकी चार महीने की बेटी वमिका, सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी तीन महीने की बेटी सिविका, राजेश रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता के रूप में हुई है।
सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों के सदस्य थे। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से सैन्य परिवारों और उनके परिचितों में शोक की लहर है।
पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख की सहायता घोषित की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुजरात के कच्छ में हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जिला पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल और अस्पताल का किया दौरा
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा दुर्घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद बचाव दल ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया। हादसे ने सैन्य परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।
