लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुलायम सिंह यादव को उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि वर्ष 2019 में लोकसभा की अंतिम बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की उनकी कामना के पीछे गहरी वैचारिक पृष्ठभूमि थी। पाठक ने कहा कि नेताजी के उस वक्तव्य को केवल राजनीतिक बयान के तौर पर नहीं, बल्कि उनके वैचारिक और सामाजिक सरोकारों के संदर्भ में समझने की जरूरत है।
समाजवादी आंदोलन और सामाजिक न्याय में महत्वपूर्ण भूमिका
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनकी पीढ़ी ने मुलायम सिंह यादव को ‘धरतीपुत्र’ और ‘नेताजी’ के रूप में जाना है। हिंदी पट्टी के प्रभावशाली नेताओं में शामिल मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी आंदोलन को मजबूती देने और सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करने में अहम भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में संसद में मुलायम सिंह यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना किए जाने की देशभर में चर्चा हुई थी। इस विषय पर गंभीरता से विचार करने और कई बुद्धिजीवियों से चर्चा के बाद उनका मानना है कि नेताजी के इस वक्तव्य के पीछे एक गहरी वैचारिक सोच थी।
गैर-कांग्रेसवाद और लोहिया-जेपी की विचारधारा का किया उल्लेख
ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुलायम सिंह यादव गैर-कांग्रेसवाद की राजनीतिक विचारधारा से निकले नेता थे। उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए यातनाएं सहीं। वह लोकनायक जयप्रकाश नारायण के अनुयायी थे और डॉ. राममनोहर लोहिया को अपना आदर्श मानते थे।
पाठक के अनुसार, आज गैर-कांग्रेसवाद की विचारधारा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने और लोहिया तथा जेपी के सपनों को साकार करने का प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी कर रही है।
स्वच्छता, समानता और सामाजिक न्याय के विचारों का किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया का सपना था कि स्वच्छता, समानता, सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में डॉ. लोहिया के स्वच्छता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने को उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि बताया था। उस समय मुलायम सिंह यादव भी सदन में मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं भी इसी विचार को जमीन पर उतारने का प्रयास हैं। ब्रजेश पाठक का मानना है कि इन्हीं वैचारिक और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना की होगी।
मुलायम सिंह यादव को राष्ट्रीय सम्मान दिए जाने का भी किया जिक्र
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौधरी चरण सिंह और जननायक कर्पूरी ठाकुर के साथ मुलायम सिंह यादव को भी उचित राष्ट्रीय सम्मान और स्मरण देने का काम किया है। उनके अनुसार, यह मुलायम सिंह यादव के योगदान और सार्वजनिक जीवन की विरासत के प्रति सम्मान का परिचायक है।
मौजूदा सपा नेतृत्व पर भी उठाए सवाल
उपमुख्यमंत्री ने मौजूदा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देखकर पीड़ा होती है कि पार्टी का वर्तमान नेतृत्व मुलायम सिंह यादव, जनेश्वर मिश्र, मोहन सिंह और रमाशंकर कौशिक जैसे समाजवादी विचारधारा के पुरोधाओं की परंपरा और राजनीतिक विरासत से दूर होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि नेताजी की जयंती जिस गरिमा, वैचारिक प्रतिबद्धता और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाई जानी चाहिए, वह अपेक्षित रूप में क्यों दिखाई नहीं देती। पाठक ने आरोप लगाया कि आज समाजवादी पार्टी में नेताजी के विचारों, संघर्षों, कार्यक्रमों और उनके वास्तविक समाजवाद की चर्चा भी सीमित होती जा रही है।
सिद्धांतों से समझौते को बताया वैचारिक भ्रष्टाचार
ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों, सिद्धांतों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का नाम है। उन्होंने कहा कि सत्ता की राजनीति के लिए सिद्धांतों से समझौता करना राजनीतिक पाप ही नहीं, बल्कि वैचारिक भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है।
