सुबह 7:02 बजे महसूस किए गए झटके, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी तक असर; बिहार, भूटान और बांग्लादेश के कुछ इलाकों में भी कंपन, फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
कोलकाता। मंगलवार सुबह आए 5.3 तीव्रता के भूकंप से उत्तर बंगाल और सिक्किम में धरती कांप उठी। भूकंप के झटके पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी समेत कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में था। राहत की बात यह है कि खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सुबह 7:02 बजे आया भूकंप, 20 किलोमीटर गहराई में था केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर नेपाल में भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी क्षेत्र में जमीन से करीब 20 किलोमीटर की गहराई पर था। इसका केंद्र सिक्किम के नजदीक होने के कारण उत्तर बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में भी तेज झटके महसूस किए गए।
दार्जिलिंग से उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर उत्तर बंगाल के कई जिलों में दिखाई दिया। दार्जिलिंग के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के अलावा कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुछ हिस्सों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया।
नेपाल में आए इस भूकंप के झटके पड़ोसी राज्य सिक्किम के साथ बिहार, भूटान और बांग्लादेश के कुछ इलाकों में भी महसूस किए गए। इन क्षेत्रों में हल्के कंपन की खबरें सामने आईं।
दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
सुबह करीब सात बजे आए भूकंप के झटकों से उत्तर बंगाल के कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह की सैर पर निकले लोगों और खुले मैदानों में व्यायाम कर रहे नागरिकों ने भी कंपन महसूस किया। अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए।
सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी में कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय तक लोगों के बीच भूकंप को लेकर चर्चा और डर का माहौल बना रहा।
12 नवंबर को भी महसूस किए गए थे भूकंप के झटके
उत्तर बंगाल में करीब दो सप्ताह पहले 12 नवंबर को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भी सुबह की सैर पर निकले लोगों और खुले मैदानों में व्यायाम कर रहे नागरिकों ने धरती में कंपन महसूस किया था। झटके लगते ही सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी समेत कई इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे।
लगातार दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस होने से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है।
2011 में 6.9 तीव्रता के भूकंप ने मचाई थी भारी तबाही
सिक्किम और उत्तर बंगाल के आसपास का क्षेत्र पहले भी बड़े भूकंप की त्रासदी झेल चुका है। 18 सितंबर 2011 को नेपाल-सिक्किम सीमा के पास कंचनजंगा संरक्षण क्षेत्र में 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इस भूकंप में कुल 111 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से के छह लोग भी शामिल थे।
उस भूकंप में सबसे ज्यादा जान-माल का नुकसान सिक्किम में हुआ था। राज्य की राजधानी गंगटोक में भी कई इमारतें ढह गई थीं।
फिलहाल मंगलवार सुबह आए भूकंप के बाद उत्तर बंगाल और सिक्किम में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
