Home » उत्तर प्रदेश » हम इतने कमजोर हैं तो गठबंधन की इतनी आतुरता क्यों?’ इमरान मसूद ने सपा को घेरा, बोले- कांग्रेस के हितों से समझौता नहीं

हम इतने कमजोर हैं तो गठबंधन की इतनी आतुरता क्यों?’ इमरान मसूद ने सपा को घेरा, बोले- कांग्रेस के हितों से समझौता नहीं

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज होती नजर आ रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर गठबंधन विरोधी और विलेन के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी नेता के खिलाफ नहीं, बल्कि अपनी पार्टी के हितों के लिए आवाज उठा रहे हैं और आखिरी दम तक ऐसा करते रहेंगे।

इमरान मसूद ने कहा कि उनके और समाजवादी पार्टी के बीच व्यक्तिगत स्तर पर कोई तल्खी नहीं है, लेकिन उन्हें लगातार गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वह सपा की हर बात आंख बंद करके स्वीकार कर लें या उसकी ओर से दी गई 26 सीटों की सूची पर सहमति जता दें तो उन्हें अच्छा बताया जाएगा। सवाल यह है कि क्या इस तरह गठबंधन चल सकता है।

26 सीटों की सूची पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद ने सपा की ओर से प्रस्तावित 26 सीटों की सूची पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें कई ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस को पिछले चुनाव में बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। उनके मुताबिक, कुछ सीटों पर हार का अंतर 80 हजार वोट तक था, जबकि तीन सीटें ऐसी थीं जहां हार का अंतर एक लाख से भी अधिक रहा।

इमरान मसूद ने सवाल किया कि इतनी बड़ी हार वाली सीटों पर कांग्रेस क्यों चुनाव लड़े और बाद में उसी के प्रदर्शन को खराब बताकर स्ट्राइक रेट पर सवाल क्यों उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि वह सीटों की संख्या और उनकी जीतने की संभावना, दोनों मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार हैं। यदि सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो कांग्रेस को जीत की संभावना वाली सीटें भी मिलनी चाहिए।

ALSO READ THIS :  "'आजम खान होंगे गृह मंत्री!' शिवपाल के बयान पर भड़की BJP, केशव मौर्य बोले- 'सपा कर रही तुष्टिकरण की राजनीति!'"

बोले- कांग्रेस कमजोर है तो सपा गठबंधन को आतुर क्यों?

इमरान मसूद ने कहा कि यदि जीतने की क्षमता का पूरा आकलन केवल समाजवादी पार्टी ही कर सकती है और उसके पास ही जीत की गारंटी है तो फिर गठबंधन में कांग्रेस की जरूरत क्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस इतनी कमजोर है और उसके पास कुछ भी नहीं है तो समाजवादी पार्टी गठबंधन के लिए इतनी आतुर क्यों है?

उन्होंने कहा कि गठबंधन का अर्थ यह नहीं है कि एक दल अपनी सारी राजनीतिक ताकत और हिस्सेदारी दूसरे के सामने समर्पित कर दे। यदि ईमानदारी से सरकार बनानी है तो कांग्रेस को भी उचित राजनीतिक स्थान देना होगा। अपनी पार्टी के हितों से समझौता करके सरेंडर करना उनके लिए संभव नहीं है।

2022 के चुनाव का भी किया जिक्र

कांग्रेस सांसद ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस समय भी समाजवादी पार्टी ने इसी तरह का रवैया अपनाया था। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार ही लिया जाएगा, लेकिन अपने विचार और विरोध दर्ज कराना जारी रखेंगे।

मसूद ने यह भी आरोप लगाया कि सपा के नेता भाजपा के बजाय कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनने का श्रेय दे रहा है तो कोई दूसरी तरह की टिप्पणी कर रहा है। उनके मुताबिक, उन्होंने पार्टी नेतृत्व के बारे में कभी कोई टिप्पणी नहीं की और उनकी बात केवल कांग्रेस के हितों तक सीमित है।

‘2017 से कम सीटें मिलीं तो गठबंधन का औचित्य नहीं’

इमरान मसूद ने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जितनी सीटें मिली थीं, उससे कम सीटों पर गठबंधन करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास जीत की गारंटी होने का दावा हो सकता है, लेकिन कांग्रेस की भी अपनी राजनीतिक ताकत है।

ALSO READ THIS :  शाहजहांपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़,पैर में गोली लगने के बाद ने दबोचा,बाइक और अवैध हथियार बरामद

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि कांग्रेस के पास भले ही जीत की गारंटी का दावा न हो, लेकिन पार्टी जहां खड़ी होती है, वहां उसके वोट दूसरे दलों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने शून्य का उदाहरण देते हुए कहा कि एक के आगे शून्य लगाने से दस, दस के आगे लगाने से सौ और सौ के आगे लगाने से हजार बनता है।

खड़गे के समर्थन को बताया गर्व की बात

गठबंधन की बातचीत को लेकर पूछे गए सवाल पर मसूद ने कहा कि सीट बंटवारे का अंतिम फैसला करना उनका विषय नहीं है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनसे जो कहा है, वह उनके लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उनके काम करने के तरीके और अपनी बात रखने के तरीके को स्वीकार कर रहे हैं।

इसके बावजूद उन्हें विलेन साबित करने का प्रयास किया जा रहा है। इमरान मसूद ने कहा कि उन्हें गठबंधन विरोधी बताने के बजाय उनकी बात को पार्टी के हितों के लिए उठाई गई आवाज के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वह अपनी पार्टी के लिए बोल रहे हैं और उसके हितों की लड़ाई आखिरी दम तक जारी रखेंगे।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें