Home » उत्तर प्रदेश » “‘आजम खान होंगे गृह मंत्री!’ शिवपाल के बयान पर भड़की BJP, केशव मौर्य बोले- ‘सपा कर रही तुष्टिकरण की राजनीति!’”

“‘आजम खान होंगे गृह मंत्री!’ शिवपाल के बयान पर भड़की BJP, केशव मौर्य बोले- ‘सपा कर रही तुष्टिकरण की राजनीति!'”

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के उस बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है, जिसमें उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। शिवपाल यादव के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी मुस्लिम वोटबैंक को साधने और तुष्टिकरण की राजनीति करने में जुटी है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है, लेकिन मुस्लिम वोटबैंक जुटाने के लिए शिवपाल यादव तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सपा पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने और अपराधियों तथा दंगाइयों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया।

केशव मौर्य बोले, जनता सब देख रही है

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हिंदू विरोधी रवैया, अपराधियों और दंगाइयों का समर्थन करने की आदत तथा गुंडों को बचाने का उसका रिकॉर्ड स्पष्ट है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिवपाल सिंह यादव पहले संभल में दंगाइयों के खिलाफ मामलों को वापस लेने की बात करते हैं और फिर रामपुर जाकर आजम खान से मुलाकात करते हैं। मौर्य ने कहा कि आजम खान को गंभीर मामलों में सजा मिल चुकी है और उनके चुनाव लड़ने की स्थिति भी नहीं बची है, इसके बावजूद उन्हें सपा सरकार बनने पर गृह मंत्री बनाने की बात कही जा रही है।

मौर्य ने कहा कि यही समाजवादी पार्टी का चरित्र है और प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है।

ALSO READ THIS :  इमरान मसूद के बयान पर हरेंद्र मलिक का पलटवार, बोले- INDIA गठबंधन को कमजोर करने वाली राजनीति ठीक नहीं

‘मुस्लिम वोटबैंक के लिए कर रहे तुष्टिकरण’

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि फिलहाल समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है, लेकिन मुस्लिम वोटबैंक को अपने पक्ष में करने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयानों के जरिए गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है। मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी और उत्तर प्रदेश सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

दिनेश शर्मा बोले, सपा दिन में देख रही सपने

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने भी शिवपाल यादव के बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शायद दिन में सपना देख रही है।

दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल है और आगामी चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा की ओर से इस तरह के बयानों को सपनों के अलावा कुछ नहीं माना जा सकता।

उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार दो तिहाई बहुमत से बनने जा रही है।

दया शंकर मिश्र ने बताया ‘ख्याली पुलाव’

मंत्री दया शंकर मिश्र ने भी शिवपाल यादव के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ख्याली पुलाव बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह डबल इंजन सरकार के साथ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जातियों के नाम पर समाज को बांटने वाले लोग सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। दया शंकर मिश्र ने कहा कि ऐसे लोग मंत्रालय बांट सकते हैं और मंत्री नियुक्त कर सकते हैं, लेकिन उनके सपने कभी पूरे नहीं होंगे।

ALSO READ THIS :  ‘छात्रों की गूंज’ पर इमरान मसूद का राहुल गांधी को समर्थन, बोले- युवाओं की नब्ज पहचान चुके हैं

भाजपा विधायक बोले, ‘अपना कुछ था नहीं और गांव को चले बयाना बांटने’

भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने शिवपाल यादव के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि एक कहावत है कि अपना कुछ था नहीं और गांव को चले बयाना बांटने।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव की स्थिति सभी जानते हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा वहां किसी और की बात नहीं चलती। रमेश जायसवाल ने आरोप लगाया कि मुस्लिम वोटबैंक को अपने पाले में बनाए रखने के लिए शिवपाल यादव ने आजम खान के पक्ष में बयान दिया है।

आजम खान के साथ रिश्तों पर भी उठाए सवाल

रमेश जायसवाल ने कहा कि जब आजम खान जेल में बंद थे, तब अखिलेश यादव और शिवपाल यादव उनसे कितनी बार मिलने गए थे, यह भी जनता जानती है।

उन्होंने शिवपाल यादव के बयान को लोकलुभावन बताते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ऐसे बयान सामने आ रहे हैं। उनके मुताबिक सपा 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मुस्लिम मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।

2027 के चुनाव से पहले बढ़ी सियासी बयानबाजी

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। शिवपाल यादव के आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने वाले बयान ने भाजपा को सपा पर हमला बोलने का एक और मुद्दा दे दिया है।

भाजपा नेता जहां इसे तुष्टिकरण और मुस्लिम वोटबैंक की राजनीति बता रहे हैं, वहीं इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में आजम खान और सपा के रुख को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं।

ALSO READ THIS :  दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, UP युवक ने जड़ा थप्पड़, BJP का विपक्ष पर निशाना

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें