गाजियाबाद की पुलिस आयुक्त बनीं लक्ष्मी सिंह, जे. रविंद्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान; मोहित अग्रवाल प्रयागराज और किरण एस वाराणसी के नए पुलिस आयुक्त नियुक्त
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त बदल दिए गए हैं। इसके अलावा अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इन तबादलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चार पुलिस कमिश्नरेट में बदले गए आयुक्त
तबादला सूची के अनुसार, वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी का पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
इस बदलाव के साथ प्रदेश के चार प्रमुख पुलिस कमिश्नरेट में नई तैनातियां की गई हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
पुलिस आयुक्त प्रयागराज के पद से पीयूष मोर्डिया को हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना बनाया गया है। बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन से अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन भेजा गया है।
प्रभाकर चौधरी को पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ से पुलिस उपमहानिरीक्षक लखनऊ, अभिषेक सिंह को सहारनपुर से आगरा और शैलेश कुमार पांडेय को आगरा से अलीगढ़ स्थानांतरित किया गया है। आशीष तिवारी को पुलिस उपमहानिरीक्षक तकनीकी सेवाएं लखनऊ से पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर बनाया गया है।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को हटाकर मुरादाबाद का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है।
पीएसी और पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में भी फेरबदल
सुनीति को पुलिस उपायुक्त गौतमबुद्धनगर से पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक कार्यालय लखनऊ भेजा गया है। आकाश तोमर को आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक पद से हटाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
अमित कुमार प्रथम को 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक पद से पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू लखनऊ भेजा गया है। नरेंद्र कुमार सिंह को 15वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पद से पुलिस अधीक्षक पीटीसी सीतापुर बनाया गया है।
डॉ. अनिल कुमार पांडेय को 36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के सेनानायक पद से पुलिस अधीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। त्रिभुवन सिंह को 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा से हटाकर पुलिस अधीक्षक जीआरपी मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। राजेश कुमार श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ नियुक्त किया गया है।
अन्य अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव
सुशील कुमार शुक्ला को 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सेनानायक पद से पुलिस अधीक्षक पीटीएस गोरखपुर भेजा गया है। अजीत कुमार सिन्हा को 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी के सेनानायक पद से पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड लखनऊ बनाया गया है।
दिनेश त्रिपाठी को पुलिस उपायुक्त कानपुर नगर से पुलिस उपायुक्त प्रयागराज कमिश्नरेट भेजा गया है।
अयोध्या और मुरादाबाद के कप्तान भी बदले
मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल को हटाकर अयोध्या का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। वहीं, डॉ. गौरव ग्रोवर को अयोध्या से मुरादाबाद भेजा गया है।
प्रीति यादव को पुलिस उपायुक्त गौतमबुद्धनगर से हटाकर 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है। पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त लखनऊ और अमित कुमावत को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है।
शासन के इस बड़े फेरबदल में पुलिस कमिश्नरेट, जोन, रेंज, पीएसी, प्रशिक्षण संस्थानों और विभिन्न विशेष इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

