Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान: दो ई-रिक्शा जब्त; नर्सिंग होम और आरा मशीनों पर जुर्माना, जिला अस्पताल से रामपुरी तक चली कार्रवाई

मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान: दो ई-रिक्शा जब्त; नर्सिंग होम और आरा मशीनों पर जुर्माना, जिला अस्पताल से रामपुरी तक चली कार्रवाई

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में शुक्रवार को रुड़की रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिला अस्पताल से रामपुरी तक चले अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल और नगर पालिका ईओ पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अस्पताल के बाहर लगा अवैध खाने का काउंटर जब्त किया गया, दो आरा मशीन कारखानों पर जुर्माना लगाया गया और दो ई-रिक्शा भी जब्त की गईं। होली फैमिली नर्सिंग होम पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर जुर्माने की कार्रवाई की गई।

अभियान की शुरुआत जिला अस्पताल के बाहर से हुई। यहां सड़क पर लगाए गए खाने के काउंटर को टीम ने जब्त कर लिया। इसके बाद दो आरा मशीन कारखानों के बाहर सड़क पर रखे लकड़ी के बड़े-बड़े बंडलों को लेकर कार्रवाई की गई। दोनों कारखानों पर जुर्माना लगाया गया। टीम ने होली फैमिली नर्सिंग होम पर भी अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के मामले में जुर्माना किया।

कार्रवाई के दौरान खालसा ई-रिक्शा शोरूम की ओर से सड़क पर नई ई-रिक्शा खड़ी कर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए, लेकिन जुर्माना नहीं देने पर टीम ने दो ई-रिक्शा जब्त कर लीं। अभियान के दौरान दो दुकानों पर कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें एक स्थान पर अवैध पार्किंग के लिए 5 हजार रुपये और दूसरी जगह सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर रास्ता घेरने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।

टीम ने कई अन्य दुकानदारों को भी दुकान के बाहर सामान नहीं रखने की चेतावनी दी। पंजाब एंड सिंध बैंक के बाहर सड़क पर रखे जनरेटर को भी दूसरी जगह रखने के निर्देश दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल ने कहा कि सड़क पर किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में भाकियू लाल बहादुर शास्त्री का आगाज, जिला कार्यालय का उद्घाटन, मंडल अध्यक्ष बोले- किसानों के साथ अत्याचार बर्दाश्त नहीं होगा

दीपक पाल ने बताया कि नगर पालिका की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाता है। किसी विशेष मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर टीम बनाकर कार्रवाई की जाती है। पहले जुर्माना लगाया जाता है और बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त किया जाता है।

उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र में नाली निर्माण भी प्रस्तावित है। दुकानों और कॉम्प्लेक्स के बाहर बने रैंप को खुद पीछे करने के लिए कहा गया है। नाली निर्माण के दौरान रास्ते में आने वाले रैंप तोड़े जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें