मुज़फ़्फ़रनगर। विकास कार्यों में देरी और जनसमस्याओं को लेकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार शाम को विकास भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और लंबित कार्य समयसीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक में DM सुनील कुमार सिंह, सीडीओ अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट दीपक पाल, MDA सचिव कुंवर बहादुर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने MDA में नक्शे स्वीकृत करने में देरी और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों की गुणवत्ता व पानी की सुविधा से जुड़ी शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच कर समाधान कराने के निर्देश दिए।
जल निगम को पाइपलाइन और पानी की टंकियों के निर्माण के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने तथा बिजली विभाग को लंबित ट्रांसफार्मर, खंभों और लाइनों की शिफ्टिंग का काम पूरा करने को कहा। नगर पालिका को बार-बार सड़क खोदने की समस्या से बचने के लिए बिजली, गैस, पानी और सीवर विभागों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री कपिलदेव अग्रवाल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया। जिला अस्पताल से जुड़ी शिकायतों पर सीएमओ को जांच कर कार्रवाई करने तथा श्रम विभाग में पात्र श्रमिकों के आवेदन लंबित न रखने को कहा गया।
मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और जनता को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग लंबित कार्य प्राथमिकता से पूरे करें और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

