अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भिजवाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेमरौता जाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान चन्द्रेश (19) पुत्र शेष प्रकाश निवासी मऊ गर्वी, थाना चंदापुर, जिला रायबरेली के रूप में हुई है। बताया गया कि चन्द्रेश अपने साथी पिंटू यादव के साथ ई-रिक्शा से सेमरौता जा रहा था। रास्ते में ठोकरपुर गांव के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक चन्द्रेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी पिंटू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
अंधेरे के कारण हादसा होने की आशंका
शिवरतनगंज थाना प्रभारी दया शंकर मिश्रा ने रविवार को बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
