काबुल। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 110 अन्य घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना पर संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। संगठन ने कहा कि स्कूल हर बच्चे के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए और वहां किसी भी बच्चे की जान खतरे में नहीं पड़नी चाहिए।
यूनिसेफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि कुनार प्रांत में स्कूल के पास हुए विस्फोट की खबरों से संगठन बेहद दुखी है। इस घटना में कई बच्चों की जान गई है और अनेक अन्य घायल हुए हैं। संगठन ने घायलों, मृतकों के शोकाकुल परिजनों और उन लोगों के प्रति भी संवेदना जताई, जो अपने प्रियजनों की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
घटनास्थल पर राहत और चिकित्सा सहायता में जुटी टीमें
यूनिसेफ के मुताबिक, संगठन और उसके सहयोगी घटनास्थल पर मौजूद हैं। उनकी टीमें घायलों को जीवनरक्षक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही हैं। इसके साथ ही प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों की अन्य जरूरतों का आकलन भी किया जा रहा है। यूनिसेफ ने एक बार फिर जोर देकर कहा कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए और उन्हें किसी भी तरह के खतरे से बचाया जाना जरूरी है।
स्कूल की इमारत का हिस्सा ढहा, मलबे में फंसे छात्र और शिक्षक
यह विस्फोट कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद के बाहरी इलाके में स्थित अंदर सेर क्षेत्र में हुआ। अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी खामा प्रेस के अनुसार, तालिबान के गृह मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को हुए धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई और 110 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में अधिकांश बच्चे हैं।
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्कूल की इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इसके मलबे में शिक्षक और छात्र फंस गए। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में क्षतिग्रस्त कक्षाएं, इधर-उधर बिखरे स्कूली बैग और अस्पतालों में उपचार करा रहे घायल बच्चे दिखाई दिए। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए नंगरहार के अस्पतालों में भी पहुंचाया गया।
विस्फोटक सामग्री के भंडारण में लापरवाही की आशंका
अधिकारियों ने शुरुआती तौर पर विस्फोट की वजह स्कूल के पास खनन कंपनियों के एक डिपो में विस्फोटक सामग्री का भंडारण बताया है। तालिबान के उप प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोटकों के रखरखाव और भंडारण के दौरान जरूरी सावधानियां नहीं बरती गई थीं। इसी लापरवाही के कारण हादसा होने की आशंका जताई गई है।
हालांकि, खामा प्रेस की रिपोर्ट में पाकिस्तान सरकार के एक सूत्र के हवाले से अलग दावा भी किया गया है। सूत्र के मुताबिक, विस्फोट उस मकान में हुआ, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सदस्य बम बनाने के लिए कर रहे थे। विस्फोट के कारणों को लेकर सामने आए इन अलग-अलग दावों के बीच मामले की जांच जारी है।

