मुज़फ़्फ़रनगर में पुलिस विभाग के भीतर सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। SSP संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान या वर्दी में रील नहीं बनाएगा। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इस फैसले के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल देखी जा रही है।
दो पुलिसकर्मी सस्पेंड, साफ संदेश
एसएसपी के निर्देशों के बाद ककरौली थाने के सब-इंस्पेक्टर समयसिंह और खतौली थाने में तैनात कांस्टेबल अजय को सस्पेंड कर दिया गया है।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर रील बनाने और विभागीय अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में की गई है।
‘रील बनाओगे तो कार्रवाई होगी’
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने नए सिपाहियों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है कि कोई भी पुलिसकर्मी चाहे महिला आरक्षी हो या पुरुष, सोशल मीडिया पर रील नहीं बनाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
CO से लेकर चौकी इंचार्ज तक को निर्देश
एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी (CO), थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि वे नए सिपाहियों के साथ बैठक करें और उन्हें इन नियमों के बारे में स्पष्ट जानकारी दें।
साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी पुलिसकर्मी इन निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
अनुशासन और छवि पर फोकस
पुलिस विभाग का मानना है कि वर्दी में सोशल मीडिया पर रील बनाना न सिर्फ अनुशासन के खिलाफ है, बल्कि इससे विभाग की छवि भी प्रभावित होती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए अब इस पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला लिया गया है।

वायरल हुई थी रील
हाल ही में खतौली थाने की भूड पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही अजय द्वारा ‘दबंग’ स्टाइल में रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी, जो वायरल हो गई।
मामले का संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रील में इस्तेमाल की गई बुलेट को सीज करते हुए भारी भरकम चालान किया गया था। साथ ही मामले में CO खतौली रूपाली राय चौधरी को जांच सौंपी गई थी।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कई पुलिसकर्मी अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियों को लेकर सतर्क हो गए हैं।



