मुज़फ्फ़रनगर। SSP संजय कुमार वर्मा ने शनिवार दोपहर 2 बजे पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा से अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि नई मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 150 पेटी हरियाणा से लाई जा रही अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपये है। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
एसएसपी ने बताया कि पूरे मामले की शुरुआत एक ट्रक मालिक की शिकायत से हुई। ट्रक मालिक ने पुलिस को बताया था कि उसने अपना अशोक लेलैंड ट्रक किस्तों पर एक व्यक्ति को बेचा था, लेकिन न तो किस्तें जमा हो रही थीं और न ही वाहन का सही उपयोग किया जा रहा था। लगातार टोल प्लाजा से ट्रक की आवाजाही के मैसेज मिलने पर उसे संदेह हुआ, जिसके बाद उसने नई मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान एक सटीक सूचना मिली कि वही ट्रक हरियाणा से अवैध शराब लेकर उत्तराखंड की ओर जा रहा है। सूचना पर नई मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने एनएच-58 पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक से 129 पेटी हरियाणा की देशी शराब और 21 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से राजेन्द्र उर्फ बॉबी निवासी नरेला, दिल्ली (मूल निवासी जालंधर, पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। शनिवार को भी वह यही खेप लेकर उत्तराखंड जा रहा था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
एसएसपी ने कहा कि बरामदगी के आधार पर आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।



