मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। शहर के सुजड़ू इलाके में स्थित बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज को विभागीय टीम ने अचानक छापेमारी के बाद सील कर दिया। आरोप है कि यहां बिजली के पुराने ट्रांसफार्मर और कॉइल को खुले में जलाकर उनमें से कॉपर और एल्यूमीनियम जैसी कीमती धातुएं अलग की जा रही थीं। विभागीय टीम के अचानक पहुंचने से मौके पर हड़कंप मच गया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से इकाई को सील कर दिया।
स्थानीय प्रदूषण अधिकारी गीतेश चंद्रा के नेतृत्व में सहायक अभियंता रोहित कुमार और अवर अभियंता राजा गुप्ता की टीम ने शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे सुजड़ू स्थित बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज पर छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। आरोप है कि इकाई में बिजली के ट्रांसफार्मर, कॉइल और अन्य वेस्ट उपकरणों को खुले में जलाकर उनसे कॉपर और एल्यूमीनियम आदि जैसी धातु निकालने का काम किया जा रहा था।
बिजली के उपकरणों को खुले में जलाकर धातुएं निकालने की इस गतिविधि को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज को सील कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा तेज हो गई है। अचानक हुई छापेमारी ने इकाई में चल रही गतिविधियों को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
आपको बता दें कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से इससे पहले वहलना चौक पर स्थित चर्चित कोल्हू समेत 3 से 4 कोल्हू को भी सील किया गया था। अब सुजड़ू में बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज पर हुई कार्रवाई ने प्रदूषण के खिलाफ विभागीय अभियान को फिर चर्चा में ला दिया है। लगातार हो रही कार्रवाई से प्रदूषणकारी गतिविधियों में शामिल इकाइयों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
