Home » उत्तर प्रदेश » कौशांबी में प्रेम-प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, प्रेमिका भी गंभीर रूप से घायल

कौशांबी में प्रेम-प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, प्रेमिका भी गंभीर रूप से घायल

Facebook
Twitter
WhatsApp

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से ऑनर किलिंग और कानून को हाथ में लेने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक उन्नीस वर्षीय युवक की प्रेम-प्रसंग के चलते लाठी-डंडों से पीट-पीटकर कथित तौर पर निर्मम हत्या कर दी गई। इस खूनी संघर्ष और बर्बरता के दौरान युवक को बचाने आई उसकी प्रेमिका भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

रात के अंधेरे में गूंजी चीख, फोन पर भाई से बोला- मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महुआ खाड़ा गांव की यह घटना शुक्रवार तड़के की बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान शिव प्रसाद के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई गुरु प्रसाद ने शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे पुलिस को इस खौफनाक वारदात की लिखित सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, शिव प्रसाद पास के ही गांव में रहने वाले अपने एक दूर के रिश्तेदार राकेश राजपूत के घर गया था। शाम के वक्त शिव प्रसाद की अपनी मां से फोन पर बात भी हुई थी, जिसमें उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी।

लेकिन देर रात अचानक शिव प्रसाद का फोन उसके बड़े भाई के मोबाइल पर आया। फोन उठते ही शिव प्रसाद रोते हुए चीखने लगा कि “मुझे बचा लो, ये लोग मुझे जान से मार रहे हैं।” छोटे भाई की यह खौफनाक आवाज सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार के लोग बदहवास हालत में भागते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए शिव प्रसाद को अधमरा कर दिया था। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर के सीओ सिटी का तबादला, सहारनपुर के प्रभारी एसपी सिटी बनाए गए व्योम बिंदल

रिश्तेदार की बेटी से था प्रेम-प्रसंग, लड़की के परिजनों पर मढ़ने लगा हत्या का आरोप

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर शिवांक सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। सीओ सदर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि शिव प्रसाद देर रात अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहा था, तभी वह राकेश राजपूत के घर पर रुका था। पुलिस की तफ्तीश में यह बात भी साफ हुई है कि शिव प्रसाद और राकेश राजपूत की बेटी के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि देर रात दोनों को एक साथ देखकर लड़की के परिजनों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने मर्यादाओं को ताक पर रखकर युवक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट के दौरान अपनी जान की परवाह न करते हुए युवती ने अपने प्रेमी को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते उसे भी बेरहमी से पीटा गया और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, गांव में पुलिस का कड़ा पहरा

इस खूनी वारदात के बाद से महुआ खाड़ा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है और दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने शिव प्रसाद के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी।

ALSO READ THIS :  50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया दरोगा: मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस पर भ्रष्टाचार का दाग, थाने के भीतर एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें