Home » उत्तर प्रदेश » झांसी में बरसे डिप्टी सीएम: सपा को बताया ‘नमाजवादी पार्टी’, बोले-‘2027 में सैफई तक सिमट जाएगा अखिलेश का कुनबा’

झांसी में बरसे डिप्टी सीएम: सपा को बताया ‘नमाजवादी पार्टी’, बोले-‘2027 में सैफई तक सिमट जाएगा अखिलेश का कुनबा’

Facebook
Twitter
WhatsApp

झांसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को झांसी दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा राजनीतिक हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण महाभियान की शुरुआत करने झांसी पहुंचे डिप्टी सीएम ने सपा को आड़े हाथों लेते हुए उसे “नमाजवादी पार्टी” करार दिया। उन्होंने दावा किया कि तुष्टिकरण और अपराधियों को संरक्षण देने वाली राजनीति के कारण आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा और वह सिर्फ अपने गृह क्षेत्र सैफई तक ही सिमटकर रह जाएगी।

अखिलेश यादव की सपा सनातनी नहीं, यह गुंडों-माफियाओं का संरक्षण केंद्र है

झांसी के महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित भव्य पौधारोपण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए केशव प्रसाद मौर्य बेहद आक्रामक नजर आए। अखिलेश यादव के ‘सनातनी’ होने से जुड़े हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जो असली समाजवादी हैं, वे निश्चित रूप से सनातनी हो सकते हैं और उनका हम सम्मान करते हैं। लेकिन अखिलेश यादव के नेतृत्व में चल रही वर्तमान समाजवादी पार्टी सिर्फ और सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास रखती है।

डिप्टी सीएम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा मूल रूप से अपराधियों, दंगाइयों, गुंडों, भू-माफियाओं और आकंठ भ्रष्टाचार को फलने-फूलने का संरक्षण देने वाली पार्टी बन चुकी है। जनता इनके इस चेहरे को अच्छी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से जब से देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभाली है, तब से देश की राजनीतिक दिशा बदल चुकी है और अब केवल विकास और गरीब कल्याण की राजनीति को ही जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। यही वजह है कि भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है, जबकि सपा-कांग्रेस का जनाधार रसातल में जा रहा है। वहीं, भगवान राम को लेकर आदित्य ठाकुर द्वारा दिए गए विवादित बयान पर पूछे गए सवाल को डिप्टी सीएम यह कहते हुए टाल गए कि “आदित्य ठाकुर अभी बच्चे हैं”, इसलिए उनके अपरिपक्व बयानों पर कोई भी राजनीतिक टिप्पणी करना समय की बर्बादी है।

ALSO READ THIS :  यूपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी ढेर,मुजफ्फरनगर से कौशांबी तक था खौफ,जाने इस खूंखार अपराधी के जुर्म की खौफनाक कहानी

35 करोड़ पौधों के महायज्ञ की शुरुआत, मेडिकल कॉलेज में लगाई ‘हरिशंकरी’

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर आज पूरे उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ यह विशाल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जो किसी महायज्ञ से कम नहीं है। आज के दिन प्रदेश भर में रिकॉर्ड 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पिछले 9 वर्षों में हमारी सरकार अब तक राज्य में करीब 2 अरब 35 करोड़ पौधे रोप चुकी है। पर्यावरण संरक्षण और अपनी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हर नागरिक को ‘एक पेड़ मां के नाम’ जरूर लगाना चाहिए।”

इससे पहले, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी मेडिकल कॉलेज परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र ‘हरिशंकरी’ (पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधों का अनूठा संयोजन) का पौधा रोपकर इस वैश्विक महाभियान का आगाज किया। पौधारोपण के बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधे के साथ एक सेल्फी भी ली और उपस्थित जनसमूह व कार्यकर्ताओं को पौधों की अपनी संतान की तरह देखभाल करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भाजपा के तमाम स्थानीय नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें