Home » उत्तर प्रदेश » नोएडा में दो अलग-अलग जगहों पर मिले अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी!

नोएडा में दो अलग-अलग जगहों पर मिले अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी!

Facebook
Twitter
WhatsApp

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में रविवार देर रात और सोमवार तड़के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहला मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र का है, जहां क्राउन प्लाजा होटल के पास करीब 20 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। वहीं दूसरा मामला थाना रबूपुरा क्षेत्र का है, जहां अनवरगंज गांव के पास करीब 28 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

क्राउन प्लाजा के पास मिला युवक का लहूलुहान शव, हत्या की आशंका

थाना सूरजपुर क्षेत्र में क्राउन प्लाजा होटल के समीप पड़े एक युवक के शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और शरीर पर अंदरूनी चोटें भी थीं। शव के आसपास खून फैला हुआ था, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस आसपास के लोगों और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

ALSO READ THIS :  सीएम योगी की शिक्षकों को बड़ी सौगात: शुरू हुई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, बोले- 'अब स्वास्थ्य की चिंता हमारी, आप बच्चों के भविष्य पर दें ध्यान'

खंडहर में नशेड़ियों की आवाजाही, हादसे की भी जांच

पुलिस के अनुसार जिस स्थान पर युवक का शव मिला है, वहां एक खंडहरनुमा मकान है, जहां अक्सर नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी सामने आई है कि युवक दीवार फांदते समय ऊंचाई से नीचे गिर गया हो, जिससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हों और उसकी मौत हो गई हो।

फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा और अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी है।

रबूपुरा में मिला दूसरा शव, नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका

दूसरी घटना थाना रबूपुरा क्षेत्र के अनवरगंज गांव के पास सामने आई, जहां करीब 28 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की मौत मादक पदार्थ का अत्यधिक सेवन करने के कारण हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

दोनों मामलों में अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

ALSO READ THIS :  फिरोजाबाद में खाकी का एक्शन: मुठभेड़ के बाद अभिषेक पर गोली चलाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें