रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार हाईवे पर नहर पुलिया से टकराकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
नहर पुलिया से टकराकर पलटी कार
हादसा बछरावां कोतवाली क्षेत्र के खैरहनी गांव के पास बुधवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर नहर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। सभी पांच घायलों को बाहर निकालकर बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सिपाही समेत तीन लोगों की मौत
अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतकों में रायबरेली न्यायालय की सुरक्षा में तैनात सिपाही रामसुख (50) शामिल हैं, जो जालौन जिले के निवासी थे। दूसरे मृतक की पहचान चंद्रपाल (70) निवासी सरेनी, लालगंज के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
दो घायलों की हालत नाजुक
हादसे में घायल मो. रियान (25) निवासी कुंडली, बछरावां और रजत साहू (35) निवासी तेलीबाग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
बछरावां थाना प्रभारी श्याल लाल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



