Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर में पुलिस और गोकशी के आरोपितों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

कानपुर में पुलिस और गोकशी के आरोपितों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

Facebook
Twitter
WhatsApp

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गोकशी के मामले में वांछित दो आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से अवैध हथियार, गोकशी में इस्तेमाल किए गए औजार और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि सात जुलाई को चौबेपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना के बाद से पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी। बुधवार देर रात सूचना मिली कि मामले में शामिल दो संदिग्ध जादेपुर गांव की ओर मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों घायल हो गए।

दो तमंचे और गोकशी में प्रयुक्त हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुली बाजार निवासी शाहनवाज और दलेलपुरवा निवासी मुबीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शाहनवाज पहले भी गोकशी के मामले में जेल जा चुका है।

आरोपितों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, जिंदा कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त चाकू, चापड़ तथा घटना में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार बरामद की गई है।

अन्य आरोपितों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपितों ने सात जुलाई को चौबेपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

ALSO READ THIS :  मेरठ में इंटेलीस्मार्ट का बड़ा कदम, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों को मिलेगा स्मार्ट मीटरिंग का मुफ्त प्रशिक्षण

पुलिस ने घायल दोनों आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें