मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के आज सोमवार दोपहर के प्रस्तावित मुज़फ्फरनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। देर रात तक शहर के प्रमुख स्थलों पर तैयारियां चलती रहीं। वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रही भगत सिंह रोड को रातों-रात दुरुस्त कर दिया गया, जबकि शिव चौक और उसके आसपास विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कराई गईं।

प्रमुख सचिव और डीजीपी के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शहर के हृदयस्थल शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम के बाहर अस्थायी “शिव चौक कांवड़ डिजिटल गैलरी” तैयार की गई है। यहां दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर कांवड़ मेले का रूट, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान और विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों का लाइव एवं डिजिटल प्रस्तुतीकरण दिखाया जाएगा।

डिजिटल गैलरी के भीतर पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र का विस्तृत मैप भी लगाया गया है, जिससे अधिकारी और आगंतुक एक ही स्थान पर पूरी व्यवस्था को समझ सकें। प्रशासन का उद्देश्य है कि वीवीआईपी दौरे के दौरान कांवड़ यात्रा की तैयारियों का समग्र और तकनीकी प्रदर्शन किया जा सके।

सोमवार सुबह से ही सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा और आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर भारी पुलिस बल शिव चौक पर मौजूद है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम संचालन, ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार मुख्य सचिव और डीजीपी पहले मेरठ पहुंचेंगे, जहां कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद उनका मुज़फ्फरनगर आगमन प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ना चाहता।



