मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में स्थित एक मंदिर परिसर में रहने वाली महिला ने दो युवकों पर अभद्रता, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने SSP को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस कार्यालय पहुंची पीड़िता ने आरोप लगाया कि 23 जुलाई की दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच नाहर सिंह और कमल गुप्ता मंदिर परिसर में बने कमरे में पहुंचे, जहां वह मौजूद थीं। आरोप है कि दोनों ने मंदिर में काम करने को लेकर दबाव बनाया और उनकी बात न मानने पर गलत नीयत से इशारे करने लगे।
पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर दोनों आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और कमरे में रखा सामान भी तोड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो अंजाम भुगतना पड़ेगा और मंदिर से भी निकाल दिया जाएगा।
महिला का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें नई मंडी थाने भेज दिया गया। थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई हुई।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी पुत्री के प्रति भी गलत नीयत दिखाई। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है, जिसकी जांच कराई जाए। पीड़िता द्वारा एक वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें दो व्यक्ति कमरे के अंदर घुसते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ देर बाद सामान बाहर फिकता हुआ भी दिखाई पड़ रहा है।ब
फिलहाल मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया है। पुलिस की ओर से अभी तक इस शिकायत पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।



