Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में संपत्ति विवाद में वृद्ध की मौत, परिजनों ने भाई पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस बोली- धक्का लगने से गई जान

मुजफ्फरनगर में संपत्ति विवाद में वृद्ध की मौत, परिजनों ने भाई पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस बोली- धक्का लगने से गई जान

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बिरालसी में संपत्ति बंटवारे का विवाद एक वृद्ध की मौत के बाद गंभीर मामला बन गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छोटे भाई ने घर में घुसकर बड़े भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला अलग सामने आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसमें गिरने से वृद्ध की मौत हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

देर रात हुआ विवाद, इलाज से पहले ही मौत

जानकारी के अनुसार, गांव बिरालसी निवासी कुबाड़ी उर्फ करपाल (करीब 70 वर्ष) पुत्र बदर का गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे के बाद अपने छोटे भाई रामू से मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान रामू घर में घुस आया और करपाल के साथ मारपीट की। उन्होंने रामू के अलावा उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल करपाल को परिजन तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

ALSO READ THIS :  मुज़फ्फ़रनगर में जहरीले धुएं का नया VIDEO: कई KM दूर तक दिखाई दिया गुलशन कैमिकल के काले धुएं का गुबार; जांच के निर्देश

पुलिस का दावा- शराब के नशे में हुआ विवाद

क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि 23/24 जुलाई की रात पीआरवी के माध्यम से ग्राम बिरालसी में एक वृद्ध की हत्या की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक कुबाड़ी और उसके सगे भाई रामू के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी। इसी दौरान गिरने से कुबाड़ी की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का मिलान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की सही परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें