Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के बीच गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकल युवकों ने किए जानलेवा स्टंट,वीडियो वायरल

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के बीच गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकल युवकों ने किए जानलेवा स्टंट,वीडियो वायरल

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान जहां पूरा प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट पर है, वहीं शहर की सड़कों पर कुछ युवकों की लापरवाही ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शिव चौक और रुड़की रोड पर कारों के काफिले में सवार युवक खुलेआम हुड़दंग और जानलेवा स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे खुली जीप, चार लग्जरी कारों, एक ट्रैक्टर और दर्जनों बाइकों का काफिला शहर में रुड़की रोड की तरफ गुजरा। इस दौरान कई युवक कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करते रहे। खुली जीप के ऊपर खड़े होकर हुड़दंगबाजी करते रहे।

इतना ही नहीं, शहर की सबसे व्यस्त और संवेदनशील जगह शिव चौक पर भारी भीड़ के बीच भी यह काफिला बेखौफ अंदाज में गुजरता रहा। चलती कार की खिड़की खोलकर कभी बाहर निकलते तो कभी खिड़की को बंद करके शीशे से आधा शरीर बाहर निकलकर वीडियो बनाते।

हैरानी की बात यह रही कि वायरल वीडियो में काफिला पुलिस की मौजूदगी में रुड़की रोड से गुजरता दिखाई दे रहा है, लेकिन स्टंटबाजी रोकने के लिए तत्काल कोई कार्रवाई नजर नहीं आती। युवकों की यह हरकत न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा थी, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के साथ–साथ शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा जोखिम बन सकती थी।

कांवड़ यात्रा के दौरान पहले से ही ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था चुनौती बनी हुई है। ऐसे में इस तरह की स्टंटबाजी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ALSO READ THIS :  इंस्टाग्राम पर सजाई हुई थी हथियारों की दुकान! पुलिस ने धर दबोचे 7 सौदागर! ऑनलाइन होती थी डील!

फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच और संबंधित वाहनों व युवकों की पहचान किए जाने की बात कही जा रही है।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें