मुजफ्फरनगर। वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज, नई मंडी में दर्ज मुकदमे को लेकर अब शिक्षक संगठन खुलकर प्रधानाचार्या राजेश कुमारी के समर्थन में आ गए हैं। शिक्षकों ने प्रधानाचार्या के खिलाफ दर्ज मुकदमे को बेबुनियाद बताते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि बिना ठोस आधार के प्रधानाचार्या की गिरफ्तारी का प्रयास किया गया तो शिक्षक सामूहिक गिरफ्तारी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
शनिवार को कॉलेज परिसर में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं शामिल हुए। बैठक में प्रधानाचार्या के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर नाराजगी जताई गई। शिक्षकों का कहना था कि नियुक्ति के मामले में आई महिला और कॉलेज प्रबंधक के बीच जो भी घटनाक्रम हुआ, उसमें प्रधानाचार्या की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी। इसके बावजूद उनका नाम मुकदमे में शामिल किया जाना गलत है।
‘घटना के समय विद्यालय में मौजूद नहीं थीं प्रधानाचार्या’
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी ने कहा कि जिस दिन कथित घटना होने की बात सामने आई है, उस दिन प्रधानाचार्या विद्यालय में मौजूद ही नहीं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्यों की जांच किए प्रधानाचार्या के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना अनुचित है।
उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई से पहले ठोस साक्ष्यों का होना जरूरी है।
वहीं शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राहुल कुशवाहा ने कहा कि यदि पुलिस ने बिना पर्याप्त आधार के प्रधानाचार्या के खिलाफ कोई कठोर कदम उठाया तो जिले का पूरा शिक्षक समाज उनके समर्थन में खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर शिक्षक सामूहिक गिरफ्तारी देकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रधानाचार्या ने आरोपों को बताया निराधार
प्रधानाचार्या राजेश कुमारी ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियुक्ति से जुड़े अधिकार प्रबंधक के पास होते हैं। संबंधित महिला को उन्होंने केवल प्रबंधक से मिलने के लिए कहा था।
प्रधानाचार्या का कहना है कि कथित घटना के समय वह विद्यालय में मौजूद नहीं थीं और प्रबंधक व महिला के बीच हुई बातचीत या घटनाक्रम की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस आधार के उन्हें मामले में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगी और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


