Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर को बिजली कटौती ने रुलाया, रातभर आंख-मिचौली से बेहाल रहे लोग

मुज़फ़्फ़रनगर को बिजली कटौती ने रुलाया, रातभर आंख-मिचौली से बेहाल रहे लोग

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली ने शहरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। पिछले करीब एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित चल रही है, लेकिन शनिवार रात से हालात और ज्यादा बिगड़ गए। रविवार को दिनभर और देर रात तक शहर के कई प्रमुख इलाकों में बिजली बार-बार आती-जाती रही। कुछ मिनटों के लिए सप्लाई आती और फिर घंटों के लिए गायब हो जाती। इससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ी।

शहर के संवेदनशील इलाकों में शामिल मिमलाना रोड, रामलीला टिल्ला, साउथ सिविल लाइन समेत आसपास के क्षेत्रों में रविवार शाम से देर रात तक कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते घरों में इनवर्टर भी जवाब देने लगे। उमस भरी रात में लोगों को बिना पंखे और कूलर के समय बिताना पड़ा, जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।

शिकायत सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रही। खतौली के भूड़ क्षेत्र से भी बिजली की लगातार आवाजाही और लंबी कटौती की शिकायतें सामने आईं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है और बिजली का कोई तय शेड्यूल नहीं रह गया है।

बिजली विभाग के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11 बजे एक ट्रक 33 केवी मिमलाना रोड और शामली रोड लाइन से टकरा गया था, जिससे बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए। विभागीय कर्मचारियों ने रातभर मरम्मत कार्य चलाकर करीब ढाई बजे अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी थी, लेकिन स्थायी मरम्मत का कार्य रविवार दिन में भी करीब पांच से छह घंटे तक चलता रहा। इसी कारण कई क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित रही।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: 15 साल के नाबालिग लड़के से 35 वर्षीय महिला से जबरन शादी! रोती मां ने एसएसपी को लगाई गुहार

अधीक्षण अभियंता (नगरीय) ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ बुढ़ाना पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं अधिशासी अभियंता (नगरीय) सागरमल भी रातभर उपभोक्ताओं की शिकायतों का जवाब देते रहे और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से लगातार अपडेट साझा करते हुए लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

हालांकि, लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कांवड़ यात्रा और भीषण गर्मी के बीच लोग उम्मीद कर रहे हैं कि बिजली व्यवस्था जल्द पूरी तरह सामान्य होगी ताकि उन्हें राहत मिल सके।

 


[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें